पहाड़ में खौफनाक वारदात..एकतरफा इश्क में 22 साल की छात्रा का मर्डर, दंराती से हुई हत्या
एकतरफा प्यार में पागल राजेश ने 22 साल की छात्रा की दरांती से वार कर हत्या कर दी। छात्रा की मौत के बाद इलाके में कोहराम मचा है। वहीं आरोपी युवक के नेपाल भागने की आशंका जताई जा रही है।
Sep 2 2020 4:25PM, Writer:Komal Negi
कुछ समय पहले एक फिल्म आई थी ‘पिंक’, ये फिल्म ऐसे संवेदनशील मुद्दे पर बनी थी जिस पर आज भी हमारा समाज बात नहीं करता। बात लड़कियों की अस्मिता की, उनकी इच्छा के सम्मान की, उनकी ‘ना’ के सम्मान की...लड़कियों की ‘ना’ को आज भी पुरुष अपने अहम पर चोट मान लेते हैं। इगो हर्ट होता है तो वो लड़की को सबक सिखाने के लिए उसकी जान लेने तक से नहीं झिझकते। पिथौरागढ़ में भी यही हुआ। यहां एकतरफा प्यार में पागल युवक ने 22 साल की छात्रा की दरांती से वार कर हत्या कर दी। छात्रा की मौत के बाद इलाके में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दिल दहलाने वाली ये घटना झूलाघाट के ज्याल गांव में घटी। ये नेपाल बॉर्डर से सटा इलाका है। यहां 22 साल की कविता भट्ट अपने परिवार के साथ रहती थी। कविता पिथौरागढ़ डिग्री कॉलेज से बीए कर रही थी। कविता के गांव में ही राजेश चंद नाम का लड़का रहता था। 32 साल का राजेश कविता से एकतरफा प्यार करता था। दोनों की उम्र में 10 साल का फासला था। आगे पढ़िए
यह भी पढ़ें - देहरादून से दिल्ली रूट पर दौड़ेंगी सीएनजी बसें, लंबे वक्त बाद मिली अच्छी खबर
कविता कॉलेज आती-जाती तो राजेश उसे रास्ते में परेशान करता। वो कविता पर शादी करने का दबाव बना रहा था, लेकिन कविता उसे पसंद नहीं करती थी। राजेश ने कविता को धमकी दी कि अगर उसकी कहीं और शादी हुई या उसने किसी और लड़के से दोस्ती की तो वो उसकी हत्या कर देगा। राजेश कविता को लगातार परेशान करता रहा, लेकिन शर्म-लिहाज के चलते कविता उसकी हरकतों को इग्नोर करती रही। रविवार को कविता खेत में काम कर रही थी कि तभी राजेश चंद वहां पहुंच गया। राजेश ने कविता के साथ फिर बदसलूकी की, उसे परेशान करने लगा। कविता ने विरोध किया तो गुस्साए युवक ने कविता के गले पर दरांती से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पहाड़ में हुई इस दिल दहला देने वाली घटना से गांव के लोग डरे हुए हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है, लेकिन उसका अब तक पता नहीं चल पाया है। आरोपी राजेश के नेपाल भागने की आशंका जताई जा रही है।