देहरादून से जुड़ेंगे देश के 4 बड़े शहर, 14 सितंबर से शुरू होगी हवाई सेवा
उत्तराखंड से अहमदाबाद, हैदराबाद, कोलकाता और मुंबई के लिए 4 नई हवाई सेवाएं शुरू होने जा रही है।
Sep 12 2020 4:51PM, Writer:Komal Negi
प्रदेश में कोरोना और लॉकडाउन के चलते थमी हवाई सेवाएं धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ने लगी हैं। देहरादून से देश के अलग-अलग शहरों के लिए हवाई सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। पहाड़ के छोटे शहर और कस्बे हेली सेवा से जुड़ रहे हैं। इसी कड़ी में एक अच्छी खबर देहरादून से आई है। यहां जौलीग्रांट हवाई अड्डे से 14 सितंबर से 4 नई उड़ानें शुरू होने जा रही हैं। इनमें तीन उड़ानें इंडिगो की हैं, जबकि एक उड़ान स्पाइसजेट की है। ये चारों फ्लाइट्स किन शहरों के लिए उड़ान भरेंगी और शेड्यूल क्या होगा, ये सारी जानकारी राज्य समीक्षा आप तक पहुंचाएगा। स्पाइसजेट की फ्लाइट मुंबई-देहरादून के बीच सेवाएं देगी। यात्री सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को मुंबई-देहरादून हवाई सेवा की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। शेड्यूल के अनुसार फ्लाइट सुबह 9 बजकर 50 मिनट पर देहरादून पहुंचेगी और यहां से 10 बजकर 30 मिनट पर उड़ान भरेगी।
यह भी पढ़ें - पहाड़ का दीपक..गांव में बनाना शुरू किया तिमले का अचार..जुड़ने लगे लोग, मिलने लगा फायदा
गुरुवार, शनिवार और रविवार को फ्लाइट सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर दून पहुंचेगी और यहां से 6 बजकर 50 मिनट पर उड़ान भरेगी। यात्री हफ्ते के छह दिन मुंबई से देहरादून के बीच हवाई सफर कर सकते हैं। इसके अलावा 15 सितंबर से अहमदाबाद भी हवाई सेवा के जरिए दून से जुड़ जाएगा। इस रूट पर इंडिगो हवाई सेवा मुहैया कराएगा। यात्री मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को दून से अहमदाबाद के बीच हवाई सफर कर सकते हैं। ये फ्लाइट सुबह 11 बजकर 30 मिनट पर दून पहुंचेगी और यहां से दोपहर 12 बजे प्रस्थान करेगी। तीसरी फ्लाइट कोलकाता से देहरादून के बीच शुरू की जाएगी। ये फ्लाइट दोपहर 2 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेगी और यहां से 3 बजे कोलकाता के लिए उड़ान भरेगी। देहरादून-कोलकाता के बीच मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को हवाई सेवा संचालित की जाएगी।
यह भी पढ़ें - रुद्रप्रयाग के दो युवा लॉकडाउन में घर लौटे, घर से शुरू किया चप्पल बनाने का बिजनेस..अब मुनाफा
हैदराबाद शहर भी हवाई सेवा के जरिए देहरादून से जुड़ने वाला है। इस रूट पर इंडिगो कंपनी हवाई सेवा देगी। इंडिगो का विमान दोपहर 12 बजकर 25 मिनट पर देहरादून पहुंचेगा। यहां से फ्लाइट 1 बजकर 05 मिनट पर हैदराबाद के लिए उड़ान भरेगी। हैदराबाद जाने वाले यात्री सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं। 4 नई हवाई सेवाओं के शुरू होने के बाद जौलीग्रांट हवाई अड्डे से हर दिन आवाजाही करने वाली फ्लाइट्स की संख्या बढ़कर 15 हो जाएगी। 4 नई हवाई सेवाओं की शुरुआत से उत्तराखंड और दूसरे राज्यों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी। यात्रियों का समय बचेगा साथ ही सुविधाजनक यात्रा सेवा भी मिलेगी।