image: Uttarakhand Delhi bus service to not start soon

उत्तराखंड से दिल्ली के लिए अभी नहीं चलेंगी बसें, करना होगा इंतजार!

उत्तराखंड से पांच राज्यों के लिए रोडवेज बसों का संचालन शुरू करने की अनुमति मिली है, लेकिन इन राज्यों में दिल्ली शामिल नहीं है।
Sep 26 2020 8:11PM, Writer:Komal Negi

उत्तराखंड में पिछले छह महीने से थमी अंतरराज्यीय परिवहन सेवाएं एक बार फिर रफ्तार पकड़ने वाली हैं। राज्य सरकार ने अंतरराज्यीय परिवहन सेवाएं शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शुक्रवार को रोडवेज बसों के अंतरराज्यीय परिवहन को मंजूरी दी। एक-दो दिन के भीतर इसे लेकर एसओपी जारी कर दी जाएगी। उत्तराखंड से पांच राज्यों के लिए रोडवेज बसों का संचालन शुरू करने की अनुमति मिली है, लेकिन आपको ये बताते हुए हमें भी बुरा लग रहा है कि इन राज्यों में दिल्ली शामिल नहीं है। दिल्ली में रह रहे पहाड़वासी और उत्तराखंड से दिल्ली जाने की चाह रखने वाले लोग पिछले कई महीने से दोनों राज्यों के बीच परिवहन सेवाएं शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन ये इंतजार फिलहाल खत्म होता नहीं दिख रहा।

यह भी पढ़ें - देहरादून में ट्रैफिक से मिलेगी राहत, यहां बनेंगे दो हाईटेक अंडरपास..रक्षामंत्री करेंगे शिलान्यास
फिलहाल उत्तराखंड से दिल्ली के बीच रोडवेज बसें नहीं चलेंगी। इसके लिए हमें और इंतजार करना होगा। चलिए अब आपको ये बताते हैं कि वो कौन-कौन से राज्य हैं। जहां उत्तराखंड रोडवेज की बसें सेवाएं देंगी। योजना के पहले चरण में राज्य सरकार ने पांच राज्यों के बीच रोडवेज बसों के संचालन को मंजूरी दी है। जिनमें उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं। उत्तर प्रदेश और राजस्थान ने उत्तराखंड परिवहन को दोनों राज्यों के बीच बस सेवा के संचालन का प्रस्ताव भेजा था। जिस पर विचार करते हुए इन दोनों राज्यों और उत्तराखंड के बीच रोडवेज बस सेवा के संचालन पर सहमति बनी है। इसके अलावा सीमावर्ती राज्य पंजाब और हिमाचल प्रदेश के लिए भी बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।

यह भी पढ़ें - उत्तराखंड के दो चेहरों को मिली बड़ी जिम्मेदारी, घोषित हुई बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी
उत्तराखंड की तरफ से इन राज्यों में 100-100 बसें भेजी जाएंगी, इन राज्यों से भी इतनी ही संख्या में बसें उत्तराखंड आ सकती हैं। आपको बता दें कि मार्च में लॉकडाउन लगने के बाद अंतरराज्यीय परिवहन सेवाओं पर रोक लग गई थी। अनलॉक की शुरुआत के बाद रोडवेज बसों के पहिए घूमने तो शुरू हुए, लेकिन अब तक रोडवेज को सिर्फ उत्तराखंड में ही सेवाएं देने की अनुमति मिली है। शुक्रवार को राज्य सरकार ने अंतरराज्यीय परिवहन शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। हालांकि जिन राज्यों के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू होने जा रही है, उनमें दिल्ली शामिल नहीं है। खैर अब शुरुआत हो ही गई है तो दिल्ली जाने वालों का इंतजार भी जल्द ही खत्म होने की उम्मीद है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home