उत्तराखंड: नवरात्र में हो सकता है त्रिवेन्द्र कैबिनेट का विस्तार, जानिए कौन हो सकता है शामिल
माना जा रहा है कि नवरात्र में त्रिवेन्द्र कैबिनेट का विस्तार संभव है। हालांकि अभी सीएम ने इसे लेकर पत्ते नहीं खोले हैं..आगे पढ़िए
Oct 13 2020 7:12PM, Writer:Komal Negi
उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तार की अटकलें काफी वक्त से लगाई जा रही हैं। हालांकि कैबिनेट का विस्तार कब होगा इसे लेकर अभी स्थिति साफ नहीं हैं। विस्तार की संभावना से न तो प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत मना कर रहे हैं और न ही सीएम त्रिवेन्द्र। अब माना जा रहा है कि इस नवरात्र त्रिवेन्द्र कैबिनेट का विस्तार हो सकता है। कहा ये भी जा रहा है कि दिवाली तक भी कैबिनेट विस्तार हो सकता है।इतना जरूर है कि कैबिनेट विस्तार होना है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत की मानें तो कैबिनेट विस्तार करना मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। कैबिनेट विस्तार के बारे में मुख्यमंत्री केंद्रीय नेतृत्व से इस बारे में बात करेंगे। पार्टी कोर ग्रुप की बैठक के बाद संगठन के भीतर चर्चा गरम है कि सीएम नवरात्र में कैबिनेट विस्तार कर देंगे। आपको बता दें कि 17 अक्तूबर से नवरात्र शुरू हो रहे हैं। इसी दिन प्रदेश बीजेपी ऑफिस भवन के निर्माण के लिए भूमि पूजन और शिलान्यास करने जा रही है। आगे पढ़िए
यह भी पढ़ें - गढ़वाल: भूमाफिया की काली करतूत..मरे हुए लोगों के नाम से जमीन बेची और रजिस्ट्री करा दी
इस कार्यक्रम की दूसरी कड़ी के तौर पर कैबिनेट विस्तार की संभावना को जोड़ा जा रहा है क्योंकि इस दिन कई नेता देहरादून में जुटेंगे। हालांकि कैबिनेट विस्तार के सवाल पर सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत सस्पेंस छोड़ रहे हैं। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव को डेढ़ साल का समय रह गया है। मुख्यमंत्री के पास 50 से ज्यादा विभागों की जिम्मेदारी है और उन्हें चुनावी माहौल बनाने के लिए पूरे प्रदेश का दौरा करना है। ऐसे में मंत्रालयों का काम चलता रहे, इसलिए जरूरी है कि उन पर विभागों का बोझ कम हो। मंत्रिमंडल में किन विधायकों को मंत्री बनने का सौभाग्य प्राप्त होगा, ये बड़ा सवाल है। पार्टी में कई ऐसे प्रमुख विधायक हैं, जो वरिष्ठ होने के साथ पूर्व में मंत्री रहे हैं। चाहे हरबंस कपूर हों, या फिर बिशन सिंह चुफाल, चाहे बलवंत सिंह भौर्याल हों या फिर खजानदास...विधायक मुन्ना सिंह चौहान के साथ महेंद्र भट्ट और पुष्कर सिंह धामी के नाम अक्सर चर्चाओं में रहे हैं। देखना है कि कैबिनेट में किसे जगह मिलती है।