उत्तराखंड: प्रधान का पति कर रहा था नेपाल ब्रांड सिगरेट की तस्करी..हो सकता है बड़ा खुलासा
नेपाल की खुकुरी सिगरेट की सीमावर्ती क्षेत्र में खूब डिमांड है। भारत में इस पर प्रतिबंध होने बावजूद इसकी धड़ल्ले से तस्करी और बिक्री हो रही है।
Dec 19 2020 9:56PM, Writer:Komal Negi
नेपाल भारत को आंखें दिखा रहा है, वहां भारत विरोधी गाने बज रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ नेपाल से सटे भारतीय इलाके में नेपाल की खुकुरी सिगरेट बिक रही है। ये सिगरेट भारत में प्रतिबंधित है, इसके बावजूद नेपाल से इसकी तस्करी की जा रही है। हाल में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान के पति को नेपाली सिगरेट के साथ पकड़ा है। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से नेपाल की खुकुरी सिगरेट की बड़ी खेप बरामद हुई। जिसकी कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कस्टम अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया है। घटना टनकपुर क्षेत्र की है। उत्तराखंड के दूसरे क्षेत्रों की तरह यहां भी नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चल रहा है। मादक पदार्थों और अन्य तरह के प्रतिबंधित सामानों की तस्करी करने वालों पर नजर रखी जा रही है। इसी के तहत शुक्रवार को टनकपुर पुलिस बूम चौकी क्षेत्र में पूर्णागिरी रोड पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने चेकिंग के लिए एक वाहन को रोका। तलाशी शुरू हुई तो वाहन से नेपाली खुकुरी सिगरेट की आठ पेटियां बरामद हुईं, जिनकी कीमत करीब 4 लाख रुपये है। आगे पढ़िए
यह भी पढ़ें - पहाड़ का बेमिसाल दादा जी..2 पौधों से उगा दी 3 क्विंंटल कीवी, बाजार में 1 कीवी की कीमत 30 रुपये
पुलिस ने वाहन चालक को भी गिरफ्तार किया है। उसकी शिनाख्त गणेश सिंह मेहर पुत्र प्रह्लाद सिंह मेहर के रूप में हुई। गैडाखाली का रहने वाला गणेश सिंह उचौलीगोठ की ग्राम प्रधान का पति है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वो अवैध तरीके से नेपाल में दाखिल होकर वहां से खुकुरी सिगरेट की तस्करी कर इसकी खेप भारत लाया था। आरोपी ने बताया कि वो तंबाकू उत्पाद भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नेपाली तस्करों से सस्ते दामों में खरीदता था। इसे प्रतिबंधित मार्ग और जंगल के रास्ते भारत लाया जाता था। शारदा नदी से भी टायर ट्यूब के जरिए सिगरेट की अवैध तस्करी होती है। नेपाल की खुकुरी सिगरेट की टनकपुर-बनबसा जैसे क्षेत्रों में भारी डिमांड है। यहां नेपाली सिगरेट ऊंचे दाम पर बिकती है। बहरहाल आरोपी तस्कर पुलिस की गिरफ्त में है। उसे कस्टम अधिकारियों के सुपुर्द कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।