image: Doctor Ved Prakash Maurya dies from Corona

पौड़ी जिले ने कोरोना से खोया पहला डॉक्टर, चिकित्सा जगत में शोक की लहर

उत्तरकाशी में लगे मेडिकल कैंप से लौटने के बाद डॉ. वेद प्रकाश मौर्य में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। 8 दिसंबर से वो एम्स में एडमिट थे, जहां शुक्रवार को उनका निधन हो गया।
Dec 27 2020 11:26AM, Writer:Komal Negi

कोरोना से लड़ रहे उत्तराखंड में हालात काबू में आते नहीं दिख रहे। कोरोना का खतरा सबसे ज्यादा उन लोगों को है, जो संक्रमण के खिलाफ फ्रंट लाइन पर सेवाएं दे रहे हैं। प्रदेश में कोरोना संक्रमण से अब तक कई स्वास्थयकर्मियों की मौत हो चुकी है। अब एक बुरी खबर पौड़ी जिले से आई है। पौड़ी जिले ने कोरोना संक्रमण से अपना पहला डॉक्टर खोया है। पौड़ी के जिला अस्पताल में सेवारत वरिष्ठ सर्जन डॉ. वेद प्रकाश मौर्य का कोरोना से लड़ते-लड़ते निधन हो गया। कोरोना संक्रमण से जूझ रहे डॉ. मौर्य की एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान शुक्रवार रात मौत हो गई..8 दिसंबर से उनका एम्स हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। सबको उम्मीद थी कि वो कोरोना से जंग जीत जाएंगे, लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हुआ। शुक्रवार को वो कोरोना से जंग हार गए। जानकारी के मुताबिक पौड़ी के जिला अस्पताल में तैनात वरिष्ठ सर्जन डॉ. वेद प्रकाश मौर्य बीते 30 नवंबर को उत्तरकाशी में लगे 3 दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य जांच कैंप से वापस लौटे थे। अस्पताल में उनका रैंडम सैंपल लिया गया। जिसमें उनके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई।

यह भी पढ़ें - गढ़वाल के द्वारीखाल ब्लॉक की बेटी को सैल्यूट, वायु सेना में बनी पायलट..पिता भी सेना में हैं
बाद में आरटीपीसीआर सैंपल लिया गया। इसकी रिपोर्ट 4 दिसंबर को आई। उसमें भी वो कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद डॉ. मौर्य अपने हरिद्वार स्थित घर में होम आइसोलेट हो गए थे। कुछ दिन बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से 8 दिसंबर को उन्हें एम्स हॉस्पिटल रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। वो अपने पीछे पत्नी, एक बेटे और बेटी को बिलखता छोड़ गए हैं। डॉ. वेद प्रकाश मौर्य मूल रुप से लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। इस वक्त उनका परिवार हरिद्वार में रह रहा है। वो साल 2017 से जिला चिकित्सालय पौड़ी में तैनात थे। इससे पहले वो नैनीताल, चमोली और हरिद्वार में भी सेवाएं दे चुके थे। उनके निधन से चिकित्सा जगत में शोक व्याप्त है। वरिष्ठ डॉक्टरों ने डॉ. मौर्य के निधन पर शोक जताया।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home