उत्तराखंड: पति काम से बाहर गया था..मौका पाकर मकान मालिक ने किया गर्भवती से दुष्कर्म
पति की गैर मौजूदगी में मकान मालिक ने इंसानियत के हर रिश्ते को ताक पर रख गर्भवती के साथ दुष्कर्म किया।
Jan 6 2021 12:10PM, Writer:Komal Negi
प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। घर हो या बाहर, बेटियां कहीं सुरक्षित नहीं हैं। अब हल्द्वानी में ही देख लें, यहां मकान मालिक ने अपने किरायेदार की गर्भवती पत्नी के साथ दुष्कर्म किया। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना दमुवाढूंगा क्षेत्र की है, जहां मूलरूप से बदायूं का रहने वाला दंपति, आरोपी राजू के यहां किराये पर कमरा लेकर रहता है। 2 जनवरी को महिला का पति किसी काम से बाहर गया हुआ था। मौका पाकर मकान मालिक शनिवार की रात किरायेदार के घर में घुस गया। वहां किरायेदार की पत्नी अकेली थी। आरोपी राजू महिला संग छेड़छाड़ करने लगा। महिला ने विरोध किया, आरोपी को खुद के गर्भवती होने की बात भी बताई, लेकिन आरोपी को उसकी हालत पर तरस नहीं आया।
यह भी पढ़ें - पहाड़ की बसंती राणा को सलाम, डेढ़ हजार महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा..दिखाई तरक्की की राह
आरोपी मकान मालिक राजू ने इंसानियत के हर रिश्ते को ताक पर रख गर्भवती के साथ दुष्कर्म किया। जाते-जाते आरोपी धमका गया कि उसने यह बात किसी को भी बताई तो वह उसे जान से मार देगा। डरी सहमी महिला ने रविवार को ये बात अपने पति को बताई। पत्नी की आपबीती सुन पति के होश उड़ गए। बाद में दंपति ने हिम्मत कर के आरोपी मकान मालिक के खिलाफ शिकायत करने की ठानी। घटना के बाद पीड़ित दंपति काठगोदाम थाने पहुंचा और आरोपी राजू के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने भी शिकायत पर तुरंत एक्शन लिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस आरोपी राजू के घर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।