image: AAP Membership campaign going on through video vans in the state

उत्तराखंड में चुनाव से पहले AAP ने बनाई खास रणनीति..हाईटेक होगा सदस्यता अभियान

आम आदमी पार्टी अब प्रदेश में वीडियो वैन के जरिए सदस्यता अभियान चलाने जा रही है। अभियान की शुरुआत 1 फरवरी से होगी।
Jan 31 2021 11:52AM, Writer:Komal Negi

दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों से उत्साहित आम आदमी पार्टी उत्तराखंड में तीसरा सियासी विकल्प बनने की तैयारी में है। प्रदेश में आप एक्टिव मोड में दिख रही है। आप के बड़े नेता भी उत्तराखंड में हाजिरी लगा रहे हैं। साल 2022 के चुनावी रण की तैयारी में जुटी आम आदमी पार्टी अब प्रदेश में वीडियो वैन के जरिए सदस्यता अभियान चलाने जा रही है। अभियान की शुरुआत 1 फरवरी से होगी। इस अभियान को हरी झंडी दिखाने के लिए दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया एक फरवरी को उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। सदस्यता अभियान के तहत आम आदमी पार्टी हर विधानसभा में वीडियो वैन भेजेगी। जिसके माध्यम से जनता को दिल्ली मॉडल के बारे मे बताया जाएगा। साथ ही उन्हें उत्तराखंड की समस्याएं और उनके समाधान भी बताए जाएंगे। साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए आप ने विशेष रणनीति बनाई है। आप जल्द ही मिशन 2022 के लिए उत्तराखंड में सदस्यता अभियान शुरू करेगी।

यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह का बयान, प्राधिकरणों पर बैकफुट पर आई सरकार
आम आदमी पार्टी के इस अभियान के तहत संगठन ने करीब 10 लाख घरों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। आप का ये हाईटेक अभियान 45 दिन तक चलेगा। आप ने सदस्यता अभियान में एक लाख सक्रिय सदस्य बनाने की भी योजना तैयार की है। देहरादून में हुई एक प्रेस कांफ्रेंस में आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने अभियान को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समूचे उत्तराखंड की 70 विधानसभाओं में वीडियो वैन के जरिए भ्रमण कार्यक्रम चलाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता गांवों, कस्बों और शहरों तक पहुंचेंगे। वीडियो वैन के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता अपना विकास मॉडल लोगों को दिखाएंगे। अभियान का शुभारंभ दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया करेंगे। वो एक फरवरी को दून पहुंच रहे हैं। जिसके बाद 70 विधानसभा क्षेत्रों में वैन के माध्यम से अभियान चलाया जाएगा। मिस्ड कॉल के माध्यम से भी सदस्य बनाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home