image: Student gets bullet in Dehradun hostel

देहरादून के हॉस्टल में छात्रा को लगी गोली, देखते ही देखते मचा हड़कंप

घटना के वक्त छात्रा अपनी दोस्त के माता-पिता से बात कर रही थी। तभी उसे दाएं हाथ में जलन होने लगी। छात्रा ने जैकेट उतारकर देखा तो हाथ से खून बहते देख उसके होश उड़ गए। पढ़िए पूरी खबर
Feb 18 2021 12:35PM, Writer:Komal

देहरादून के एक हॉस्टल में रहने वाली छात्रा के दाएं हाथ में अचानक गोली लग गई। गोली किसने चलाई, ये तो पता नहीं चला है, लेकिन पुलिस का मानना है कि हर्ष फायरिंग के दौरान छात्रा को गोली लगी होगी। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना पटेलनगर क्षेत्र की है। यहां बीती रात हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा के दोस्त के माता-पिता हॉस्टल आए हुए थे। छात्रा उनसे हॉस्टल में बात कर रही थी। इसी दौरान छात्रा को अपने दाएं हाथ में जलन महसूस होने लगी। जिसके बाद छात्रा ने जैकेट निकाल कर देखा तो पता चला कि उसके दाएं हाथ से खून बह रहा था। खून बहने की वजह से हाथ पर गहरा घाव हो गया था। छात्रा ने जैकेट निकालकर देखा तो उसमें एक गोली भी फंसी हुई थी।

छात्रा को गोली लगने की खबर फैलते ही हॉस्टल में हड़कंप मच गया। दूसरी छात्राएं भी मौके पर इकट्ठा हो गईं। करीब 3 घंटे बाद अन्य छात्राओं ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी। पूछताछ के दौरान छात्रा और उसकी सहेलियों ने बताया कि गोली चलने की आवाज किसी ने नहीं सुनी। वहीं पुलिस का कहना है कि छात्रा को जिस तरह गोली लगी है, उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह बहुत दूर से चलाई गई है। जांच में पता चला कि गोली 32 बोर सिविलियन पिस्तौल से चलाई गई है। हो सकता है कि क्षेत्र से कोई बारात निकलने के दौरान हर्ष फायरिंग की गई हो, इसी दौरान छात्रा को गोली लग गई। जांच में किसी तरह की रंजिश की बात सामने नहीं आई है। बहरहाल छात्रा के परिजनों ने इस संबंध में तहरीर नहीं दी है। पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home