उत्तराखंड के नए CM होंगे तीरथ सिंह रावत, जानिए उनका राजनीतिक सफर
गढ़वाल संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले तीरथ सिंह रावत प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री होंगे। उनका राजनीतिक सफर बेहद संघर्षपूर्ण रहा है।
Mar 10 2021 11:51AM, Writer:Komal Negi
नेतृत्व परिवर्तन के दौर से गुजर रहे उत्तराखंड को अगला मुख्यमंत्री मिल गया है। गढ़वाल क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसद तीरथ सिंह रावत प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर पदभार संभालेंगे। चलिए आपको उनके राजनीतिक सफर के बारे में बताते हैं। जनपद पौड़ी के कल्जीखाल ब्लॉक के सीरों गांव के मूल निवासी तीरथ रावत का राजनीतिक सफर संघर्षपूर्ण रहा है। स्व. कलम सिंह रावत के सबसे छोटे बेटे तीरथ ने गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर श्रीनगर से छात्र राजनीति शुरू की। वर्ष 1992 में वह सबसे पहले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से गढ़वाल विवि बिड़ला परिसर श्रीनगर के छात्रसंघ अध्यक्ष पद का चुनाव लड़े और जीते। वर्ष 2000 में वो नवगठित उत्तराखंड के पहले शिक्षा मंत्री चुने गए थे। इसके बाद 2007 में भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री के तौर पर जिम्मेदारी निभाई। वर्ष 2007 में वो बीजेपी प्रदेश महामंत्री, प्रदेश सदस्यता प्रमुख और आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के अध्यक्ष चुने गए। वह फरवरी 2013 से दिसंबर 2015 तक उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। साल 2012 से 2017 तक वो चौबट्टाखाल विधायक भी रह चुके हैं। इससे पहले साल 1983 से 1988 तक राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचारक रहे, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (उत्तराखंड) के संगठन मंत्री और राष्ट्रीय मंत्री रहे। 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हिमाचल प्रदेश का चुनाव प्रभारी भी बनाया गया था। वर्तमान में तीरथ सिंह रावत बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव होने के साथ-साथ गढ़वाल लोकसभा सीट से सांसद भी हैं
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड में फिर से TSR सरकार..आखिरी वक्त में बीजेपी का मास्टरस्ट्रोक