उत्तराखंड: 3 जिलों में होली पर होगी झमाझम बारिश..मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
रविवार और सोमवार को तीन जिलों में मौसम खराब रहने के आसार हैं। होली के दिन उत्तराखंड के कुछ जिलों में बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं।
Mar 28 2021 1:00PM, Writer:Komal Negi
होली की खुमारी चढ़ने लगी है। उत्तराखंड में मौसम भी मेहरबान बना हुआ है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में चटख धूप खिली है। तापमान में भी लगातार इजाफा हो रहा है। वहीं बात करें अगले 24 घंटों की तो होली के दिन उत्तराखंड के कुछ जिलों में बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। रविवार और सोमवार को तीन जिलों में मौसम खराब रहने के आसार हैं। चलिए आपको इन जिलों के बारे में भी बताते हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ में आज और कल बारिश होने के आसार हैं। अन्य जिलों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। कई जगह मौसम शुष्क बना रहेगा। देहरादून में होली पर मौसम का क्या हाल रहेगा, ये भी बताते हैं। यहां होली पर आमतौर पर आसमान साफ रहने की संभावना है। हालांकि मसूरी और आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना बेहद कम है।
यह भी पढ़ें - गढ़वाल: न कनेक्शन लगा न मीटर.. फिर भी बिजली का बिल आया 15 हजार
अब प्रदेश के मुख्य शहरों का तापमान जान लेते हैं। शनिवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 32.7 और न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह उत्तरकाशी में अधिकतम तापमान 31.5 और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरिद्वार में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि जोशीमठ में अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नैनीताल में अधिकतम तापमान 23.0 और न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस रहा। इन दिनों उत्तराखंड के ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ है। चटख धूप खिलने के साथ ही पारे में भी दो से 4 डिग्री सेल्सियस तक का इजाफा हो गया है। होली के दिन कुछ इलाकों में फिर से बादल छा सकते हैं, हालांकि अन्य इलाकों में अगले कुछ दिन मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन में मौसम में मामूली बदलाव आ सकता है। जिसके चलते 3 जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है।