देहरादून: फेसबुक पर फर्जी नाम बताकर की लड़की से दोस्ती, गेस्ट हाउस ले जाकर किया रेप
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वो अपनी असली पहचान छिपाकर लड़की से बात किया करता था। नाबालिग भी उसकी बातों में आ गई। आगे पढ़िए पूरी खबर
Mar 31 2021 12:10PM, Writer:Komal Negi
प्रदेश में नाबालिगों संग दरिंदगी की घटनाएं रुक नहीं रहीं। मामला राजधानी देहरादून का है, जहां युवक ने फर्जी नाम से नाबालिग संग दोस्ती बढ़ाई। लड़की झांसे में आ गई तो युवक उसे बहला-फुसला कर गेस्ट हाउस में ले गया। जहां उसके साथ दरिंदगी की गई। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र की है। जहां एक युवक ने नाबालिग को गेस्ट हाउस में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। नाबालिग लड़की को गेस्ट हाउस तक ले जाने में एक महिला ने भी उसका साथ दिया। आरोपी महिला को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति की बेटी अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने उसे हर जगह ढूंढा, लेकिन लड़की का पता नहीं चला। बाद में पिता ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत नाबालिग की तलाश शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड में भीषण हादसा...कार हादसे में पत्नी की मौत, पति और दो बच्चों समेत 4 घायल
इस दौरान मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी की फुटेज खंगाली गई। जिसमें नाबालिग की लोकेशन गणेश गेस्ट हाउस में मिली। पुलिस तुरंत गेस्ट हाउस पहुंची और गेस्ट हाउस संचालक से पूछताछ के बाद प्रेम नाम के युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वो अपनी असली पहचान छिपाकर लड़की से बात किया करता था। वो उसे अपना नाम प्रेम बताता था। दीपनगर की रहने वाली महिला शिवानी के माध्यम से वह नाबालिग को गेस्ट हाउस लेकर आया था, जहां उसने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पोक्सो ऐक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। युवक की घिनौनी करतूत में उसका साथ देने वाली महिला के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। दुष्कर्म मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है। आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म, तथ्य छिपाने और पोक्सो अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। मामले की जांच की जा रही है।