उत्तराखंड: राजनीतिक पारी की शुरुआत करने वाले हैं कर्नल अजय कोठियाल..फेसबुक पोस्ट से दिया संकेत
कर्नल अजय कोठियाल की ताजा फेसबुक पोस्ट से ये कयास लगाए जा रहे हैं, कि वो जल्द ही कोई बड़ा राजनीतिक-सामाजिक फैसला लेने वाले हैं। पढ़िए पूरी खबर
Apr 3 2021 2:02PM, Writer:Komal Negi
प्रदेश के जवानों को यूथ फाउंडेशन के जरिए सेना के लिए तैयार करने वाले जांबाज रिटायर्ड कर्नल अजय कोठियाल जल्द ही अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत कर सकते हैं। कुछ दिन पहले खबर आई थी की आम आदमी पार्टी रिटायर्ड कर्नल अजय कोठियाल पर दांव खेल सकती है। उन्हें अपना मुख्यमंत्री प्रोजेक्ट कर सकती है। इन चर्चाओं में कहीं न कहीं दम भी दिख रहा है। कर्नल अजय कोठियाल की ताजा फेसबुक पोस्ट से ये कयास लगाए जा रहे हैं, कि वो जल्द ही कोई बड़ा राजनीतिक-सामाजिक फैसला लेने वाले हैं। चर्चा ये भी है कि वो आम आदमी पार्टी का हिस्सा बन सकते हैं, ताकि प्रदेश की जनता को बीजेपी और कांग्रेस का विकल्प मिल सके।
यह भी पढ़ें - ब्रेकिंग: उत्तराखंड में आज 364 लोग कोरोना पॉजिटिव..देहरादून में बुरा हाल
हाल में कर्नल अजय कोठियाल ने फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर की। जिसमें उन्होंने लिखा कि ‘हम म्यांमार में इंटरनेशनल प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी पूरी कर वापस लौट आएं हैं। कुछ दिनों से समझ नहीं आ रहा था कि अब हम को क्या करना चाहिए। इस दौरान हमें देहरादून के एक कैफे में कोटद्वार के रहने वाले 23 साल के युवक किशोर रौतेला से मिलने का मौका मिला। किशोर जन्म से अपाहिज है, लेकिन उसने खुद को कभी अपाहिज नहीं समझा। खुद को कमजोर नहीं पड़ने दिया। ग्रेजुएशन करने के बाद वो 23 साल की उम्र में रेस्टोरेंट में कैशियर की जॉब करने लगा। किशोर ने हमें बताया कि उत्तराखंड की जनता हम से क्या उम्मीद करती है। उसके सवालों और जज्बे से प्रेरित होकर हमने उत्तराखंड के हित के लिए एक बड़ा सामाजिक-राजनीतिक फैसला लेने का निश्चय किया है। जिसके बारे में हम आपको जल्द ही बताएंगे’।
यह भी पढ़ें - पहाड़ का बीरेंद्र सिंह रौतेला दिल्ली में लापता..समाजसेवी रौशन रतूड़ी ने की मदद की अपील
इस तरह कर्नल अजय कोठियाल ने इशारों-इशारों में राजनीति में अपनी पारी की शुरुआत करने का संकेत दे दिया है। कर्नल अजय कोठियाल प्रदेश में जाना-पहचाना नाम हैं। केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। वो नेहरू पर्वतारोहण संस्थान निम के मुखिया भी रह चुके हैं। कुछ समय पहले केंद्र सरकार ने उन्हें एक महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पर म्यांमार भेजा था। उनके नेतृत्व में चल रहा यूथ फाउंडेशन पहाड़ के युवाओं को सेना भर्ती के लिए तैयार करने का काम कर रहा है। खबरों की मानें तो आम आदमी पार्टी कर्नल अजय कोठियाल को सीएम के चेहरे के तौर पर प्रोजेक्ट कर सकती है।