उत्तराखंड: घर में नौकरानी रखते वक्त रहें सावधान..यहां सोने की चेन चुराकर सुनार को बेच दी
घर के रोजमर्रा के काम में नौकरानी खूब मदद करती थी। उसे घर के कोने-कोने की पूरी जानकारी थी, फिर एक दिन घर से पार्षद की बेटी की सोने की चेन गायब हो गई। आगे पढ़िए पूरी खबर
Apr 9 2021 11:59AM, Writer:Komal Negi
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में घर में काम के लिए सहायक रखना आम बात है, लेकिन किसी को काम पर रखना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी है काम करने वाले का पुलिस वेरिफिकेशन कराना, लेकिन लोग अक्सर इसकी अनदेखी कर देते हैं। इस लापरवाही के कई बार गंभीर नतीजे भी भुगतने पड़ते हैं। अब हरिद्वार के रुड़की में ही देख लें, यहां घर में काम करने वाली नौकरानी ने सोने की चेन पर ही हाथ साफ कर लिया। आरोपी महिला ने सोने की चेन चोरी कर सुनार को बेच दी। बहरहाल पुलिस ने आरोपी महिला को सोने की चेन चुराने के आरोप में हिरासत में लिया है। पुलिस पूछताछ में उसने घर में चोरी करने की बात भी कबूली है। घटना सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र की है। यहां नगर निगम के पार्षद बेबी खन्ना की बेटी के घर एक महिला को काम पर रखा गया था।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड में कोरोना के हॉट स्पॉट, 4 जिलों में 34 इलाके हुए सील..यहां भूलकर भी न जाएं
पूरा परिवार नौकरानी पर भरोसा करता था। घर के रोजमर्रा के काम में नौकरानी खूब मदद करती थी। उसे घर के कोने-कोने की पूरी जानकारी थी। फिर एक दिन पार्षद की बेटी की सोने की चेन घर से गायब हो गई। परिवार वालों ने घर का कोना-कोना छान मारा, लेकिन चेन नहीं मिली। सोने की चेन की कीमत हजारों में थी। घर में कोई बाहर से आया भी नहीं था, इसलिए परिजनों को नौकरानी पर शक हुआ। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लिया तो पहले तो वो चोरी की बात से इनकार करती रही, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे उसकी एक न चली। आरोपी महिला ने कबूल किया कि उसने सोने की चेन चोरी की है। महिला ने सोने की चेन को एक सुनार को बेच दिया है। आरोपी महिला भौंरी गांव की रहने वाली है। फिलहाल वो पुलिस की हिरासत में है। पुलिस चेन खरीदने वाले सुनार से भी पूछताछ कर रही है।