उत्तराखंड: कर्फ्यू के बाद भी नहीं थमा मौत का आंकड़ा..देखिए हर जिले से लेटेस्ट रिपोर्ट
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अबतक राज्य में 4426 मरीजों ने इस संक्रमण के कारण दम तोड़ दिया है। कल राज्य में 116 मरीजों की मृत्यु दर्ज हुई। जानिए हर जिले के मौत के आंकड़े-
May 15 2021 1:17PM, Writer:Komal Negi
कोरोना संक्रमण की दूसरी बड़ी लहर वर्तमान में राज्य में सक्रिय हो रखी है और इसने सरकार समेत सभी जिला प्रशासन को भी बेहद चिंता में डाल रखा है। यह चिंताजनक है कि सभी तरीके की सावधानियां बरतने के बाद भी राज्य में कोरोना का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। कोविड के बढ़ते केसों की वजह से राज्य सरकार समेत सभी जिला प्रशासन इस समय बेहद चिंता में आ रखे हैं और कोरोना को कंट्रोल करने की जद्दोजहद में लगे हुए हैं। इस दूसरी बड़ी लहर में मृत्यु दर तेजी से बढ़ रही है और रिकवरी रेट कम है। राज्य में लोग लगातार कोरोना के कारण दम तोड़ रहे हैं और संक्रमितों की मौत का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। अब तक राज्य में 4426 मरीजों ने दम तोड़ दिया है। बीते शुक्रवार को राज्य में कुल 116 मरीजों की मृत्यु हुई। चलिए आपको हर जिले के मृत्यु के आंकड़ों से अवगत कराते हैं।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड चारधाम यात्रा: विधि विधान से खुले गंगोत्री धाम के कपाट
राजधानी देहरादून में सबसे अधिक मरीजों ने दम तोड़ा है। पूरे प्रदेश में कोरोना के कारण जितनी मृत्यु हुई है इनमें से आधी से ज्यादा मृत्यु राजधानी देहरादून के अंदर ही हुई है। देहरादून में अब तक 2359 मरीजों ने दम तोड़ दिया है। बीते शुक्रवार को राजधानी देहरादून में सबसे अधिक मृत्यु दर्ज हुई। कल कुल 45 मरीजों ने दम तोड़ा। यह आंकड़ा सभी जिलों के मुकाबले सबसे अधिक है। देहरादून के बाद बात करते हैं नैनीताल जिले की। नैनीताल जिले में अबतक 682 मरीजों ने दम तोड़ा है। बीते शुक्रवार को नैनीताल में 36 मरीजों ने दम तोड़ा। हरिद्वार जिले में अब तक 422 मरीज इस वायरस के खिलाफ जंग हार गए हैं। कल हरिद्वार में कोरोना संक्रमित 2 मरीजों की मृत्यु दर्ज हुई। बात करते हैं उधम सिंह नगर की जहां पर अब तक 331 मरीजों की इस वायरस ने जान ले ली है। बीते शुक्रवार को यूएस नगर में कुल 18 मरीजों की मृत्यु हो गई।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड में कोरोना..अस्पताल में भर्ती होने के 48 घंटों में 50 फीसदी मरीजों की मौत
पौड़ी गढ़वाल में अबतक 205 मरीज इस वायरस के खिलाफ जिंदगी की जंग हार गए हैं और उन्होंने दम तोड़ दिया है। कल पौड़ी गढ़वाल में 8 मरीजों ने कोरोना के कारण दम तोड़ा। अल्मोड़ा जिले में कुल 92 मरीजों ने दम तोड़ा है। वहीं पिथौरागढ़ में अबतक कुल 81 मरीजों की मृत्यु हो गई है। रुद्रप्रयाग और टिहरी गढ़वाल दोनों जिलों में अब तक 52-52 मरीजों ने दम तोड़ दिया है। उत्तरकाशी में अब तक 47 मौतें दर्ज की गई हैं। बीते शुक्रवार को उत्तरकाशी में 4 मरीजों ने दम तोड़ा। बात की जाए बागेश्वर की तो बागेश्वर जिले में 42 मरीजों की इस संक्रमण ने जान ले ली है। शुक्रवार को जिले में 3 मरीजों ने दम तोड़ा। चमोली जिले में अब तक 34 मरीज इस वायरस के खिलाफ जंग हार गए हैं तो वहीं चंपावत जिले में वायरस के कारण 27 मौतें दर्ज हुई हैं।