image: Yellow alert for rain in 6 districts of Uttarakhand

आज उत्तराखंड के 6 जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट..मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट

अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। 20 जून के बाद मुश्किलें और बढ़ेंगी, क्योंकि उत्तराखंड में बीस जून के बाद मानसून आने की संभावना है।
May 30 2021 11:35AM, Writer:कोमल नेगी

उत्तराखंड में मौसम अभी और मुश्किलें बढ़ाएगा। इस वक्त पहाड़ के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। बारिश ने गर्मी से निजात तो दिलाई है, लेकिन लोगों की दिक्कतें भी बढ़ाई हैं। 20 जून के बाद मुश्किलें और बढ़ेंगी, क्योंकि उत्तराखंड में बीस जून के बाद मानसून आने की संभावना है। मौसम केंद्र ने केरल में 31 मई से दक्षिण पश्चिम मानसून सक्रिय होने का अनुमान लगाया है। जो कि उत्तराखंड में 20 जून के बाद दस्तक दे सकता है। बात करें अगले 24 घंटों की तो पहाड़वासियों को सचेत रहने की जरूरत है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र के अनुसार राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल और पिथौरागढ़ में आज कहीं-कहीं गर्जन के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। उच्च हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी का भी अनुमान है।

राज्य के देहरादून, टिहरी, पौड़ी, बागेश्वर और अल्मोड़ा जिले में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। शेष इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। आज जिन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी हुआ है, उनके बारे में भी जान लें। इनमें टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिले शामिल हैं। यहां कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। मौसम विभाग ने यहां बारिश, बर्फबारी और आकाशीय बिजली चमकने का यलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। पहाड़ी इलाकों के अलावा मैदानी क्षेत्रों में भी इस दौरान गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। देहरादून जिले की बात करें तो यहां भी आज बारिश होने की संभावना है। दून में शुक्रवार देर रात और शनिवार को भी बारिश हुई। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home