image: Cabinet Minister Yatiswaranand wore a mask on his leg

उत्तराखंड: कैबिनेट मंत्री ने मास्क का मजाक बना दिया..सोशल मीडिया पर हुई छीछालेदर

दुनिया मुंह पर मास्क पहन कर कोरोना से लड़ रही है और धामी सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद पैर के अंगूठे में मास्क पहन कर कोरोना को भगा रहे हैं।
Jul 15 2021 12:06PM, Writer:अनुष्का ढौंडियाल

आपने लोगों के मास्क कान में लटके हुए देखे होंगे, ठोड़ी पर टिके हुए देखे होंगे, कई लोग तो इतने जागरूक होते हैं कि मास्क हाथ में ही रख लेते हैं मगर उत्तराखंड में गज्जब हो गया, इधर कैबिनेट मंत्री ने अपना मास्क पैर पर पहन रखा है। जी हां, सही सुना आपने। धामी सरकार के कैबिनेट मंत्री ने मास्क मुंह पर पहनने को इतना आफत समझ लिया कि उन्होंने अपने पैर के अंगूठे में ही मास्क टिका दिया। अब उत्तराखंड में जब तक कोई मंत्री अपनी जागरूकता का उदाहरण नहीं दे देता तबतक कैबिनेट मीटिंग पूरी नहीं हो सकती। कोरोना को लेकर जागरूकता फैलानी हो तो यही मंत्रीगण सामने आकर मठाधीशी करने से पीछे नहीं हटते मगर खुद नियमों से 2 गज की दूरी बना लेंगे। धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री शामिल स्वामी यतीश्वरानंद की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है और लोग स्वामी जी की खूब आलोचना करते हुए नजर आ रहे हैं। फोटो में यह दिख रहा है कि कैबिनेट मंत्री यतीश्वरानंद सोफे पर बैठे हुए हैं और पैर के घुटने पर दूसरा पैर मुड़ कर रखे हुए हैं और अपने मुंह के बजाय पैर के अंगूठे को मास्क पहना कर अन्य मंत्रियों एवं नेताओं के साथ प्रदेश के विकास को लेकर गहन चर्चा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनकी यह वायरल होते हुए फोटो धामी सरकार की खूब भद्द पिटवा रही है। यहां तक कि विपक्ष भी उनकी जमकर आलोचना कर रहा है।

यह भी पढ़ें - उत्तराखंड की नेहा जोशी को केंद्रीय नेतृत्व ने दी बड़ी जिम्मेदारी..बधाई दें
हैरानी की बात तो यह है कि जिस मीटिंग में स्वामी यतीश्वरानंद जी पहुंचे उस मीटिंग में सरकारी प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और बिशन सिंह चुफाल भी मौजूद हैं। कोरोना संक्रमण के खिलाफ सरकार जागरूकता अभियान चला रही है मगर खुद उत्तराखंड के मंत्री सरेआम नियमों का उल्लंघन करते हुए दिखाई दे रहे हैं। संक्रमण के दौर में जीवन रक्षक मास्क को पैर के अंगूठे में पहनने के फोटो के वायरल होने के बाद सरकार की जमकर किरकिरी हो रही है। सोशल मीडिया पर यह फोटो जमकर वायरल तो हो ही रही है मगर विपक्ष भी जमकर इस फोटो के मजे ले रहा है। कांग्रेस पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने इस तस्वीर पर चुटकी लेते हुए कहा कि उत्तराखंड के मंत्री यतीश्वरानंद जी की गंभीरता देखिए, पैर को मास्क पहना रखा है मगर मुंह को एक भी नहीं। उनके इस पोस्ट पर लोगों की लगातार टिप्पणी आ रही है और लोग भाजपा सरकार के साथ ही यतीश्वरानंद पर भी तीखे कटाक्ष कर रहे हैं और उनकी जमकर आलोचना कर रहे हैं। लोग प्रश्न उठा रहे हैं कि जनता को मास्क पहनने की सलाह देने वाले मंत्री एवं पार्टियों के नेताओं ने मास्क क्यों नहीं पहना है। क्या मास्क पहनने की जिम्मेदारी केवल और केवल जनता की है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home