देहरादून के पॉश इलाके में युवक की गला रेतकर हत्या, मचा हड़कंप
घटना वाले दिन अनिल और शिवा साथ बैठकर शराब पी रहे थे। शाम को अनिल अपने बिस्तर पर मृत पाया गया। पुलिस को पड़ोस में रहने वाले शिवा पर हत्या का शक है।
Jul 17 2021 2:56PM, Writer:Komal Negi
देहरादून में एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या की वजह का पता नहीं चल सका है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि किसी महिला के चलते घटना को अंजाम दिया गया है। मरने वाला युवक राजमिस्त्री का काम करता था। हत्याकांड के बाद से उसके पड़ोस में रहने वाला एक युवक फरार है, पुलिस को उस पर हत्या का शक है। फरार पड़ोसी की तलाश की जा रही है। घटना कैंट कोतवाली क्षेत्र की है। जहां चकराता रोड के पास मित्र लोक कॉलोनी में राजमिस्त्री का काम करने वाला अनिल अपने परिवार संग रहता था। परिवार में पत्नी और 10 साल का बेटा है। अनिल के ही पड़ोस में शिवा नाम का युवक भी रहता है, जो मजदूरी करता है। शुक्रवार को मृतक अनिल की पत्नी सुबह काम पर गई हुई थी। घर में अनिल और शिवा एक कमरे में बैठकर शराब पी रहे थे।
यह भी पढ़ें - गढ़वाल: बाजार में देवी-देवताओँ के नाम पर खुली मीट की दुकान, गुस्साए लोग
शाम करीब 7 बजे अनिल की पत्नी घर लौटी तो अनिल बिस्तर पर लहूलुहान पड़ा हुआ था। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। वहीं घटना के बाद से अनिल का दोस्त शिवा फरार है। आशंका जताई जा रही है कि शिवा ने ही हत्याकांड को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि अनिल मित्र लोक कॉलोनी में ढाई साल से किराये के कमरे में रह रहा था, जबकि आरोपी शिवा दो महीने पहले ही यहां आया था। जिस जगह हत्या की घटना हुई वहां आसपास नशे का धंधा भी खूब होता है। यहां पुलिस की नाक के नीचे अवैध शराब और गांजा बिकता है। आरोपी शिवा का पुलिस वैरिफिकेशन भी नहीं हुआ था, जिस वजह से पुलिस के पास उसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। बहरहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बॉर्डर पर तैनात पुलिस को सूचित कर दिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए 4 टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लेने का दावा किया है।