उत्तराखंड की इन 22 बेटियों को मिलेगा प्रतिष्ठित तीलू-रौतेली सम्मान, पढ़िए पूरी लिस्ट
8 अगस्त को उत्तराखंड की 22 वीरांगनाओं को मिलेगा तीलू रौतेली पुरस्कार, प्रदेश भर से प्राप्त हुए थे 95 आवेदन।
Aug 7 2021 12:30PM, Writer:अनुष्का ढौंडियाल
उत्तराखंड की स्त्री शक्ति तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए बाल विकास विभाग ने आखिरकार 22 वीरांगनाओं का नाम चयनित कर लिया है। प्रदेशभर से तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए कुल 95 आवेदन मिले थे जिनमें से बीते बुधवार को समिति की बैठक में 22 वीरांगनाओं के नामों पर अंतिम मोहर लगाई गई। बता दें कि वीरांगना तीलू रौतेली के नाम से प्रदेश में दिए जाने वाला यह पुरस्कार महिला विकास सहित अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को दिया जाता है। इस पुरस्कार के लिए विभिन्न जनपदों से 22 वीरांगनाओं को चयनित किया जाता है । इस वर्ष इस पुरस्कार के लिए प्रदेश के अलग-अलग जनपदों की 95 महिलाओं के आवेदन मिले थे जिनमें से 22 महिलाओं को पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है और आने वाले 8 अगस्त को सभी चयनित महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार से नवाजा जाएगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी के अनुसार 8 अगस्त को देहरादून के सर्वे चौक में आईआईडीटी सभागार में इस कार्यक्रम का आयोजन होगा जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या सभी चयनित महिलाओं को पुरस्कृत करेंगे। यह वे महिलाएं हैं जिन्होंने सामाजिक, शिक्षा, साहित्य, कला समेत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किया है। इस बार कोरोना वॉरियर्स के रूप में कार्य करने वाली वीरांगनाओं को भी पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है। आगे पढ़िए
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: ओलंपिक की हैट्रिक गर्ल वंदना पर ईनामों की बरसात..जानिए कौन देगा कितनी धनराशि
खेल के क्षेत्र में वंदना कटारिया (हरिद्वार), रुचि कालाकोटी (बागेश्वर), कनिका भंडारी (अल्मोड़ा), रीना रावत (उत्तरकाशी) को पुरस्कृत किया जाएगा। शिक्षा व महिला जागरूकता सामाजिक कार्य क्षेत्र में डॉ राजकुमारी भंडारी चौहान (देहरादून), श्यामा देवी (देहरादून), अनुराधा वालिया (देहरादून), उमा जोशी (ऊधमसिंहनगर), दीपिका बोहरा (पिथौरागढ़), दीपिका चुफाल (पिथौरागढ़), रेनू गड़कोटी (चम्पावत) को तीलू रौतेली पुरस्कार दिया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में डॉ कंचन नेगी (देहरादून) कोरोना के क्षेत्र में चंद्रकला तिवाड़ी (चमोली), पार्वती किरोला( नैनीताल), बबीता पुनेठा (पिथौरागढ़), नमिता गुप्ता (ऊधमसिंहनगर), बिंदुवासिनी (ऊधसिंहनगर) को पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं स्वरोजगार क्षेत्र में ममता मेहता (बागेश्वर) अंजना रावत (पौड़ी), भावना शर्मा (अल्मोड़ा), बालिका शिक्षा क्षेत्र में रेखा जोशी (पिथौरागढ़) संघर्ष के क्षेत्र में पूनम डोभाल (टिहरी) को पुरस्कृत किया जाएगा। इन सभी महिलाओं को आने वाली 8 अगस्त को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के हाथों यह पुरस्कार दिया जाएगा। इस बार प्रदेश के सभी जिलों से चयनित 22 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।