उत्तराखंड आते ही केजरीवाल ने किया बड़ा ऐलान, कर्नल कोठियाल ही होंगे CM कैंडिडेट
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल उत्तराखंड आए और ऐलान कर दिया कि कर्नल अजय कोठियाल उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी के सीएम कैंडिडेट होंगे।
Aug 17 2021 1:48PM, Writer:Komal Negi
उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की मौजूदगी से आगामी चुनावी महासंग्राम दिलचस्प होने जा रहा है। उधर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल उत्तराखंड आए और ऐलान कर दिया कि कर्नल अजय कोठियाल उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी के सीएम कैंडिडेट होंगे। प्रदेश की सभी 70 विधानसभाओं में ‘उत्तराखंड में भी केजरीवाल’ अभियान चल रहा है। वीडियो वैन और ऑटो रिक्शा अभियान के माध्यम से भी लोगों को आप से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रदेश में आप की बढ़ती सक्रियता ने बीजेपी और कांग्रेस की बेचैनी बढ़ा दी है। आप पार्टी की मौजूदगी प्रदेश के सियासी समीकरण को प्रभावित कर सकती है। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी ने कर्नल अजय कोठियाल को पार्टी का सीएम चेहरा बना लिया है। यूथ फाउंडेशन के जरिए देश के लिए जांबाज जवानों को तैयार करने वाले कर्नल अजय कोठियाल ने कुछ वक्त पहले आम आदमी पार्टी के साथ जुड़कर अपनी सियासी पारी का आगाज कर दिया।
यह भी पढ़ें - कल उत्तराखंड आकर बड़ी घोषणा करेंगे अरविंद केजरीवाल, सियासी दलों में मची हलचल
यहां आपको कर्नल अजय कोठियाल के बारे में कुछ और बातें बताते हैं। भारतीय सेना का हिस्सा रह चुके कर्नल अजय कोठियाल केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण कार्यों के लिए जाने जाते हैं। वो नेहरू पर्वतारोहण संस्थान निम के मुखिया भी रह चुके हैं। कई पुरस्कारों से नवाजे जा चुके कर्नल अजय कोठियाल की प्रदेश की 21 विधानसभा सीटों पर मजबूत पकड़ है। कर्नल अजय कोठियाल यूथ फाउंडेशन भी चलाते हैं, जो ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं को सेना में भर्ती होने से जुड़ी ट्रेनिंग देता है। लोकसभा चुनाव 2019 में भी बीजेपी और कांग्रेस ने उनसे संपर्क किया था। चर्चाएं थी कि वो लोकसभा चुनाव लड़ेंगे, लेकिन उस वक्त उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। पिछले दिनों उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत करने के संकेत दिए थे। अब वो आम आदमी पार्टी संग जुड़कर अपनी सियासी पारी शुरू करने वाले हैं।