‘उत्तराखंड को बनाएंगे विश्व भर के हिंदुओं की आध्यात्मिक राजधानी’-केजरीवाल का बड़ा ऐलान
आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर आप ने विरोधी दलों पर बढ़त बना ली है। उत्तराखंड दौरे पर आए अरविंद केजरीवाल ने प्रदेशवासियों से कई वादे भी किए।
Aug 18 2021 8:11PM, Writer:Komal Negi
उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कोठियाल आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री उम्मीदवार होंगे। मंगलवार को आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल उत्तराखंड दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड को लेकर कई बड़े ऐलान किए। केजरीवाल ने घोषणा करते हुए कहा कि कर्नल अजय कोठियाल के नेतृत्व में देवभूमि उत्तराखंड को दुनियाभर के हिंदुओं की आध्यात्मिक राजधानी बनाएंगे। इसकी जानकारी अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर दी है। प्रदेशभर में आम आदमी पार्टी का चुनावी अभियान जारी है। लोगों का समर्थन हासिल करने के लिए पार्टी लगातार कई बड़े ऐलान कर रही है। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी ने सैन्य पृष्ठभूमि के कर्नल अजय कोठियाल को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया है। देहरादून में अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कांफ्रेंस कर उनके नाम की घोषणा की। उन्होंने कहा कि लोगों की राय के बाद ये फैसला लिया गया है.
यह भी पढ़ें - देहरादून IMA से ट्रेनिंग ले रहे हैं अफगानिस्तान के 80 कैडेट, अधर में लटका भविष्य
अरविंद केजरीवाल ने केदारनाथ त्रासदी के बाद पुनर्निर्माण कार्यों में कर्नल कोठियाल के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में हिंदू देवी-देवताओं का वास है। आध्यात्मिक शांति की तलाश में देश-विदेश के श्रद्धालु यहां आते हैं। कर्नल कोठियाल साथ मिलकर उत्तराखंड को पूरी दुनिया के हिंदुओं के लिए 'आध्यात्मिक राजधानी' बनाया जाएगा। केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों के बाद कर्नल अजय कोठियाल ने उत्तराखंड के नवनिर्माण का बीड़ा उठाया है। बता दें कि अपने पिछले दौरे के दौरान अरविंद केजरीवाल ने हर घर में प्रति माह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा कर सियासी दलों में खलबली मचा दी थी। अब आप ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर विरोधी दलों पर बढ़त बना ली है। आप के सीएम फेस घोषित करने के बाद कांग्रेस और बीजेपी पर भी मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने का मानसिक दबाव बना हुआ है।