image: Pauri Garhwal Shaheed Subedar Ram Singh

गढ़वाल: आतंकी मुठभेड़ में शहीद हुआ सालाना गांव का सपूत, फरवरी में था रिटायरमेंट

फरवरी में रिटायर होने से पहले ही आ गई मृत्यु की खबर, आतंकी मुठभेड़ में शहीद हुए पौड़ी गढ़वाल के सूबेदार राम सिंह, घर में मचा कोहराम
Aug 20 2021 5:02PM, Writer:अनुष्का ढौंडियाल

उत्तराखंड वीरों की भूमि है। इसी भूमि से कई वीर सपूत पैदा हुए हैं जो देश के लिए प्राण गंवाने से हिचकिचाते नहीं हैं। मातृभूमि की रक्षा के लिए यहां के वीर अपना सब कुछ दांव पर लगा देते हैं। कल ही उत्तराखंड से एक बुरी खबर सामने आई थी। 16 गढ़वाल राइफल के सूबेदार राम सिंह जम्मू कश्मीर के राजौरी में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान शहीद हो गए। उनकी मृत्यु की खबर सुनते ही उनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सूबेदार राम सिंह आने वाली फरवरी को रिटायर हो रहे थे और 30 वर्ष की सेवा के बाद सेवानिवृत्त होने से पहले ही वे आतंकी मुठभेड़ में शहीद हो गए। मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के सालाना गांव के रहने वाले सूबेदार राम सिंह के परिवार में सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। आखिर किसी ने सपने में भी इस अनहोनी के बारे में नहीं सोचा था।

यह भी पढ़ें - उत्तराखंड के लिए गौरवशाली पल, लडोली गांव का लाल बनेगा सेना में लेफ्टिनेंट जनरल
कश्मीर में आतंकी मुठभेड़ के दौरान सेना की राष्ट्रीय राइफल्स के जेसीओ सूबेदार राम सिंह कल आतंकियों की गोली का शिकार हो गए। थाना मंडी क्षेत्र में सर्च अभियान के दौरान अचानक ही आतंकवादियों की तरफ से ताबड़तोड़ गोलियां चलनी शुरू हो गईं और जवाब में भारतीय सेना ने भी गोलीबारी शुरू की। इस मुठभेड़ में सैनिक राम सिंह घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया मगर चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। सूबेदार राम सिंह मूल रूप से पौड़ी जिले के ग्राम सालाना के रहने वाले हैं। वे लंबे समय से मेरठ में रहते थे। उनके शव को आज सुबह मेरठ उनके निवास में ले जाया गया जहां सैन्य परंपरा से उनका अंतिम संस्कार किया गया और उनको अंतिम विदाई दी गई।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home