देहरादून के संतला देवी में बादल फटा, कई कॉलोनियां पानी से लबालब
उत्तराखँड की राजधानी देहरादून में बीती रात अतिवृष्टि से बादल फटने की खबर सामने आई है। पढ़िए पूरी खबर
Aug 25 2021 8:20AM, Writer:RajyaSameeksha Desk
उत्तराखँड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। अभी भी मौसम विभाग द्वारा कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। उधर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि देहरादून देहरादून के संतला देवी मंदिर के पास खबड़ावाला में बादल फटा है। खबड़ावाला गांव के ज्यादातर घरों में मलबा घुस गया है और कुछ सड़क बंद हैं। खबर है कि ब्रह्मवाला खाले में उफान के कारण कुछ दोपहिया वाहन बहे हैं। गढ़ी कैंट और इससे लगे क्षेत्रों में भी बारिश की वजह से लोग खासे परेशान हैं। खबर है कि संतला देवी के आसपास के गांवों में लोग रातभर सो नहीं पाए। भारी बारिश की वजह से विजय कॉलोनी में अत्यधिक नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि यहां करीब 3 घंटे तक भारी बारिश हुई। कई जगह पुश्ते बहने की भी खबर है। स्थानीय लोगों ने इस बात की खबर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को दी। इसके बाद कैबिनेट मंत्री मौक पर पहुंच गए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तत्काल बाढ़ सुरक्षा के कार्यों को प्राथमिकता से किया जाए। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। उधर मूसलाधार बारिश के बाद सहस्रधारा रोड, आइटी पार्क के पास सड़क नदी में तब्दील हो गई है। इसके अलावा करनपुर, सर्वे चौक, रायपुर, डालनवाला समेत कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया। खबर है कि कई दुकानों और घरों में बारिश का पानी घुस गया। कुछ जगहों में इलैक्ट्रिसिटी पोल गिरने की भी खबर है।
यह भी पढ़ें - गढ़वाल: सरतमा दादी को सलाम..पुराने तरीकों से बचाया पानी, मिला महिला जल चैंपियन खिताब