पहाड़ में भारी बारिश से नदी-नालों में उफान, यहां मुश्किल से बची गाड़ी में सवार लोगों की जान
पिथौरागढ़ में उफनते हुए नाले में एक गाड़ी फंस गई जिसको बहुत मुश्किल से निकाला गया। पढ़िए पूरी खबर
Aug 28 2021 2:30PM, Writer:अनुष्का ढौंडियाल
उत्तराखंड में कई दिनों से लगातार हो रही बरसात के कारण पहाड़ों पर जनजीवन अस्त व्यस्त हो रखा है। जगह-जगह से लैंडस्लाइड, जलभराव सड़क एवं हाईवे के टूटने की बुरी खबरें सामने आ रही हैं। आज सुबह से ही उत्तराखंड की कई जगहों पर कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं। कई जगहों पर भूस्खलन होने के कारण यातायात ठप पड़ गया है और सड़कों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं। सड़के नदियों में तब्दील हो चुकी हैं और तिनके की भांति वाहन एवं घर उफनती हुई नदियों में बह रहे हैं। बीते गुरुवार को पिथौरागढ़ में उफनते हुए नाले में एक गाड़ी फंस गई जिसको बहुत मुश्किल से निकाला गया। पिथौरागढ़ तहसील मुख्यालय से ढाई किलोमीटर दूर जैती गांव के पास एक गाड़ी नाले के तेज बहाव में फंस गई जिसको कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया। गाड़ी में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें - गढ़वाल: 14 दिन से बंद पड़ा है चीन सीमा को जोड़ने वाला हाईवे, सेना की मुश्किलें बढ़ीं
पिथौरागढ़ की मुनस्यारी तहसील में भी बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश के कारण वहां पर भी हाल बेहाल हो रखे हैं। नदियां एवं नाले उफान पर आ रखे हैं। बीते गुरुवार को एक गाड़ी नाला पार करते समय वहीं पर फंस गई। उसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी को निकाला गया। लोगों ने गाड़ी को एक तरफ से धक्का लगाया और दूसरे छोर पर खड़ी जीप से उसको खींचा गया। गाड़ी में सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। गनीमत यह रही कि किसी को भी नुकसान नहीं पहुंचा और गाड़ी को सुरक्षित स्थानीय निवासियों द्वारा निकाल लिया गया।मुनस्यारी के जैती गांव के पास मार्ग में आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है। थल-मुनस्यारी मार्ग और बंदथल-मुनस्यारी मार्ग में नाचनी के निकट नया बस्ती के पास पहाड़ से भूस्खलन हो रहा है जिससे मुनस्यारी तहसील मुख्यालय का संपर्क कटा हुआ है। इसी मार्ग के जरिये ही मुनस्यारी तहसील को जरूरी चीजों की आपूर्ति होती है। फिलहाल पीडब्ल्यूडी की कर्मचारी इस मार्ग को खोलने में जुटे हुए हैं मगर बरसात के कारण मार्ग खोलने में समस्या आ रही है।