image: Truck hit bike in Nanakmatta

उत्तराखंड: भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत, 5 महीने पहले हुई थी 1 दोस्त की शादी

सड़क हादसे में मारे गए अशोक की शादी को अभी सिर्फ पांच महीने ही हुए थे, लेकिन एक हादसे ने सब खत्म कर दिया। युवक की मौत के बाद उसकी पत्नी आंचल का रो-रोकर बुरा हाल है।
Sep 1 2021 2:20PM, Writer:Komal Negi

पहाड़ की सड़कें वाहन चालकों के लिए काल बनी हुई हैं। जगह-जगह सड़क हादसे हो रहे हैं, रफ्तार का जुनून लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है। मामला ऊधमसिंहनगर के सितारगंज कोतवाली क्षेत्र का है। जहां सिडकुल रोड पर अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृतकों के शवों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हादसे में मारे गए एक युवक की पहचान हो गई है, जबकि दूसरा युवक कौन था, इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। घटना मंगलवार शाम की है। नानकमत्ता के ग्राम कनपुरा मटिहा निवासी 25 वर्षीय अशोक राणा पुत्र सहदेव राणा बाइक से अपने दोस्‍त के साथ वापस सितारगंज आ रहा था। बाइक जैसे ही सिडकुल रोड के पास पहुंची, एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। भिड़ंत होते ही दोनों बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़े।

यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: चलते चलते सड़क में समा गई बाइक, 8 महीने पहले हुआ था निर्माण..देखिए वीडियो
दोनों खून से लतपथ थे। राहगीरों की मदद से युवकों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने अशोक राणा व उसके साथी को मृत घोषित कर दिया। उधर हादसे की खबर जैसे ही अशोक के घर पहुंची, वहां कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुंच गए। हादसे में मारे गए अशोक के ममेरे भाई अजय ने बताया कि बीते 22 मार्च को अशोक की शादी हुई थी। अशोक और पत्नी आंचल ने अभी अपने दांपत्य जीवन की शुरुआत ही की थी, कि तभी नियति ने दोनों को एक-दूसरे से जुदा कर दिया। अशोक कुछ दिन पहले ही फैक्ट्री में लगा था। हादसे के वक्त वो अपने दोस्त संग बाइक पर सवार होकर वापस लौट रहा था, तभी अज्ञात वाहन ने अशोक और उसके साथी को कुचल दिया। डॉक्टरों का कहना है कि दोनों युवकों की मौत हेड इंजरी के कारण हुई। बहरहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home