उत्तराखंड: अब पुलकित आर्य के पिता पर लगे गंभीर आरोप: मसाज के बहाने किया युवक से कुकर्म !
अंकिता भंडारी हत्याकांड में आरोपी पुलकित आर्य के पिता और पूर्व राज्यमंत्री विनोद आर्य पर गंभीर आरोप लगा है।
Dec 13 2022 6:00PM, Writer:अनुष्का ढौंडियाल
अंकिता भंडारी हत्याकांड में आरोपी पुलकित आर्य के पिता और पूर्व राज्यमंत्री विनोद आर्य पर गंभीर आरोप लगा है। विनोद आर्य के ड्राइवर ने उसपर कुकर्म करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
Misdeed Case On Pulkit Arya Father Vinod Arya
जहां एक ओर बेटा पुलकित आर्य अंकिता हत्याकांड के आरोप में जेल की हवा खा रहा है तो वहीं अब उसके पिता विनोद आर्य पर 25 साल के युवा ने कुकर्म करने के प्रयास के गंभीर आरोप लगाए हैं। पर्वतजन की एक न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक पीड़ित रोहन कंबोज का आरोप है कि विनोद आर्य ने उसके साथ अश्लील हरकते कीं और अप्राकृतिक सेक्स करने का प्रयास किया। मामला हरिद्वार जिले से हैं। पीड़ित रोहन कांबोज पुत्र अजय कांबोज उम्र- 25 साल निवासी शिव कॉलोनी छुटमलपुर थाना फतेहपुर जिले का रहने वाला है। हाल ही में उत्तराखंड सरकार में पूर्व राज्य मंत्री रह चुके विनोद आर्या को ड्राइवर की जरूरत पड़ी जिसके बाद रोहन ने डॉ विनोद आर्य से संपर्क किया, जिसके बाद उन्होंने रोहन को 10,000 रूपये सैलरी पर ड्राइवर रख लिया।
खबर के मुताबिक ड्राइवर रोहन ने बताया कि विनोद आर्य रात के समय उसको अपने पास बुलाता था और अपने शरीर की मालिश करने, मसाज करने और पैर दबाने के लिए कहता था। इसी के साथ वह अश्लील हरकतें भी करता था। कुछ दिन पहले ही रात को तकरीबन 10:30 बजे डॉक्टर विनोद आर्य ने उसे मालिश और मसाज़ करने के लिए बुलाया और मसाज के दौरान डॉ विनोद आर्य ने उसके साथ अप्राकृतिक सेक्स करने का प्रयास किया। इससे युवक बेहद डर गया और डर के मारे अपने घर छुटमलपुर चला गया। इसी बीच वह मोटरसाइकिल से घर का सामान लेने निकला था कि बाजार में मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी जिससे रोहन नीचे गिर गया और उसका सिर फट गया और हाथ टूट गया। रोहन को सरकारी अस्पताल फतेहपुर ले जाया गया। वहीं युवक ने इस घटना की तहरीर थाना फतेहपुर में दी है। उसने पुलिस को कहा कि मुझे शक है कि मेरा एक्सीडेंट डॉ विनोद आर्य ने कराया है और मुझे आगे भी विनोद आर्य से अपनी जान का खतरा है। पुलिस द्वारा सख्त कार्यवाही न होने के बाद युवक ने न्यायालय की शरण ले ली है जिसके बाद न्यायलय ने इस मामले में पुलिस को सख्त जांच के आदेश दे दिए हैं।