देहरादून: घर में रोज-रोज होता था झगड़ा, गुस्साए पति ने चाकू से पत्नी पर कर दिया हमला
रोज-रोज के झगड़े से पति इस कदर परेशान हुआ कि उसने पत्नी की हत्या करने का प्लान बना लिया। आगे पढ़िए पूरी खबर
Jul 4 2023 8:55AM, Writer:कोमल नेगी
देहरादून का रायवाला क्षेत्र...यहां पति-पत्नी के बीच चल रहे मनमुटाव ने खूनी रूप ले लिया। रोज-रोज के झगड़े से पति इस कदर परेशान हुआ कि उसने पत्नी की हत्या करने का प्लान बना लिया।
Dehradun raiwala husband wife fight
रविवार को मौका मिलने पर वो खीरा खाने की बात कह कर किचन में गया और वहां से चाकू उठा लाया। इसके बाद उसने पत्नी पर चाकू से कई वार कर दिए। हमले में महिला घायल हुई है, लेकिन किसी तरह उसकी जान बच गई। थानाध्यक्ष प्रशिक्षु आईपीएस जितेंद्र मेहरा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। घटना हरिपुरकला क्षेत्र की है। यहां मूलरूप से यमकेश्वर ब्लॉक के भादसी गांव निवासी भगवती देवी किराए के घर में रहती है। पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि उसके पति वीरेंद्र सिंह भंडारी विदेश में एक होटल में काम करते हैं। इन दिनों वह घर आए हुए हैं। महिला के सास-ससुर भी साथ ही रह रहे हैं।
Raiwala Bhagwati Devi Virendra Bhandari news
रविवार को पति ने किचन में खीरा खाने के लिए जाने की बात कही। इसके बाद वह हाथ में चाकू लेकर लौटे और फिर वार कर महिला को घायल कर दिया। सास-ससुर ने किसी तरह महिला को पति के चंगुल से छुड़ाया। बाद में महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। अब पीड़ित महिला ने पुलिस को पत्र देकर खुद की और बच्चों की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर कालसी क्षेत्र में भी एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि ससुरालियों ने उसे जलाने का प्रयास भी किया था। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।