image: Uttarakhand Police Recruitment 1385 Posts Proposed

उत्तराखंड: पुलिस और जेल विभाग में 1529 पदों पर भर्ती, UKSSSC को भेजा गया प्रस्ताव.. जानें डिटेल

Uttarakhand Police Bharti 2026: उत्तराखंड में पुलिस के 1385 और कारागार विभाग के 144 पदों पर भर्ती की तैयारी है। दोनों विभागों ने UKSSSC को भर्ती प्रस्ताव भेज दिया है।
Oct 30 2026 10:04AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश में पुलिस और कारागार विभाग में कुल 1529 पदों पर सीधी भर्ती की तैयारी की जा रही है। पुलिस मुख्यालय ने 198 दरोगाओं समेत 1385 पदों पर भर्ती के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) को प्रस्ताव भेज दिया है। वहीं, कारागार विभाग की ओर से भी 144 पुरुष और महिला बंदीरक्षकों की सीधी भर्ती के लिए आयोग को प्रस्ताव भेजा गया है।

Uttarakhand Police Recruitment: 1,385 Posts Proposed

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीते 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति परेड के दौरान पुलिस विभाग में करीब 1500 पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की थी। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय ने अब सीधी भर्ती के लिए आयोग को प्रस्ताव भेजा है। माना जा रहा है कि आयोग जल्द ही भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विज्ञप्ति जारी कर सकता है।

पुलिस विभाग में 1385 पदों पर होगी भर्ती

पुलिस मुख्यालय की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में सिविल पुलिस, इंटेलीजेंस, पीएसी, आईआरबी और फायर सर्विस के पद शामिल हैं। कुल 1385 पदों में 1187 पद कांस्टेबल के हैं, जबकि 198 पद दरोगा और अन्य अधिकारी स्तर के हैं। कांस्टेबल के पदों में जनपदीय पुलिस के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 464 और महिला अभ्यर्थियों के लिए 238 पद प्रस्तावित हैं। इसके अलावा पीएसी और आईआरबी में पुरुष कांस्टेबल के 284 पद तथा फायरमैन के पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए 201 पद शामिल हैं।
वहीं, दरोगा और अन्य पदों में सिविल पुलिस के महिला और पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 93, इंटेलीजेंस में 19 और पीएसी/आईआरबी में 81 पद प्रस्तावित हैं। इसके अलावा अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पांच पद भी भर्ती प्रस्ताव में शामिल किए गए हैं।
हालांकि, समूह-ग के वर्दीधारी पदों पर अग्निवीरों को क्षैतिज आरक्षण देने से संबंधित नियमावली के तहत कुछ पदों का विवरण प्रस्ताव में शामिल नहीं किया गया है। ऐसे में भर्ती के लिए निर्धारित पदों की संख्या में बदलाव भी संभव है।

जेल विभाग में 144 बंदीरक्षकों की भर्ती का प्रस्ताव

पुलिस विभाग के अलावा कारागार विभाग ने भी 144 बंदीरक्षकों की सीधी भर्ती के लिए आयोग को प्रस्ताव भेजा है। इनमें पुरुष और महिला बंदीरक्षकों के पद शामिल हैं। विभाग के अनुसार, प्रदेश की जेलों में पुरुष बंदीरक्षकों के कुल 715 पद स्वीकृत हैं। इनमें 684 पुराने और 31 नए पद शामिल हैं। वर्तमान में पुरुष बंदीरक्षकों के 117 पद रिक्त बताए गए हैं, जिनमें 86 पुराने और 31 नए पद शामिल हैं। वहीं, महिला बंदीरक्षकों के कुल 55 पद स्वीकृत हैं। इनमें 27 पुराने और 28 नए पद शामिल हैं। वर्तमान में महिला बंदीरक्षकों के 30 पद रिक्त बताए गए हैं। इनमें से 27 पदों पर सीधी भर्ती का प्रस्ताव भेजा गया है, जबकि शेष तीन पदों को नियमानुसार अलग रखा गया है।

बंदीरक्षक भर्ती के लिए शैक्षिक योग्यता और आयु सीमा

कारागार विभाग की ओर से प्रस्तावित बंदीरक्षक भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का इंटरमीडिएट या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही अभ्यर्थियों की आयु सीमा 21 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। भर्ती से संबंधित विस्तृत शर्तें और चयन प्रक्रिया आयोग की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में स्पष्ट की जाएंगी।

जल्द शुरू हो सकती है भर्ती प्रक्रिया

पुलिस और कारागार विभाग की ओर से भर्ती प्रस्ताव आयोग को भेजे जाने के बाद अब युवाओं की नजर UKSSSC की आगामी प्रक्रिया पर है। आयोग की ओर से भर्ती विज्ञप्ति जारी होने के बाद पदों की अंतिम संख्या, आवेदन की तारीख, परीक्षा कार्यक्रम और चयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी सामने आएगी। फिलहाल प्रदेश के युवाओं को आधिकारिक भर्ती विज्ञप्ति का इंतजार है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home