image: Uttarakhand Weather Update 31 July 2025

Uttarakhand Weather Update: आज इन 4 जिलों में भारी बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के 4 जिलों में भारी बारिश और बाकी जिलों में भी तीव्र दौर की बारिश होने की संभावना है।
Jul 31 2025 9:56AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड में आज भी ज्यादातर जिलों में बारिश की तेज बौछारें देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

Uttarakhand Weather Update 31 July 2025

उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर लगातार जारी है, बीते बुधवार शाम को प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई। भारी बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की समस्याएं बढ़ रही हैं और मैदानी क्षेत्रों में लोग जलभराव से परेशान हो रहे हैं। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोनप्रयाग और गौरीकुंड के बीच लगातार भूस्खलन की समस्या उत्त्पन्न हो रही हैं। बीते बुधवार को हुए भूस्खलन के कारण केदारनाथ यात्रा मार्ग पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। बीते बुधवार को देहरादून में भी शाम करीब पांच बजे के बाद शहर के ज्यादातर क्षेत्रों में जोरदार वर्षा का दौर शुरू हो गया। करीब सवा घंटा हुई झमाझम बारिश के नदी-नाले उफान पर आ गए और शहर के चौक-चौराहे जलमग्न हो गए। ऐसे में मौसम विभाग द्वारा प्रदेश में लगातार चेतावनियाँ जारी की जा रही हैं, इन चेतावनियों को गंभीरता से लेना आवश्यक है। प्रशासन स्थानीय जनता और पर्यटकों से बार-बार अपील कर रहा है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार आज गुरूवार 31 जुलाई को उत्तराखंड के 4 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। आज प्रदेश के देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर और चंपावत जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं प्रदेश के बाकी जिलों में गर्जन के साथ तीव्र दौर की बारिश होने के आसार हैं। देहरादून स्थित मौसम विभाग केंद्र ने आज उत्तराखंड के सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं राजधानी देहरादून में आज बादलों छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। आज देहरादून का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


  • MORE UTTARAKHAND NEWS

View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home