image: Rudraprayag students demand UKSSSC exam not be cancelled

UKSSSC Paper Leak: रुद्रप्रयाग के परीक्षार्थियों ने DM को सौंपा ज्ञापन, परीक्षा निरस्त न करने की मांग

UKSSSC की परीक्षा को लेकर एक पक्ष चाहता है कि परीक्षा रद्द न की जाए और जल्द ही परिणाम घोषित कर दिया जाए। वहीं दूसरा पक्ष पेपर लीक की लगातार घटनाओं पर नाराज़ है और सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहा है।
Sep 25 2025 10:12PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय परीक्षा पेपर लीक मामले का विवाद लगातार जारी है। यहां रुद्रप्रयाग जिले के परीक्षार्थियों ने परीक्षा निरस्त न करने और शीघ्र परिणाम घोषित करने की मांग उठाई है।

Rudraprayag students demand UKSSSC exam not be cancelled

जानकारी के अनुसार गुरुवार को जनपद रुद्रप्रयाग जिले के कई परीक्षार्थियो ने जिलाधिकारी प्रतीक जैन से मुलाकात कर उनको ज्ञापन सौंपा। परीक्षार्थियों का कहना है कि बीते 21 सितंबर को हुई UKSSSC पटवारी परीक्षा, रुद्रप्रयाग जिले में पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। उनका कहना है कि परीक्षा केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर से जांच, पुलिस बल की तैनाती और कक्ष निरीक्षण जैसे कड़े इंतज़ाम किए गए थे। ऐसे में यहाँ किसी तरह की गड़बड़ी या नकल की संभावना ही नहीं थी।

मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़

परीक्षार्थियों ने ज्ञापन में लिखा है कि परीक्षा के उपरांत फ़ैल रहे भ्रामक समाचार परीक्षा की छवि को धूमिल कर रहे हैं। इस तरह की गतिविधियां मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय हैं, उनके भविष्य को संकट में डाल रही हैं। अभ्यर्थियों ने आयोग और राज्य सरकार से विश्वास जताते हुए कहा कि यदि SIT जांच होती है तो सत्य सामने आ जाएगा और दोषियों पर कार्रवाई होगी। लेकिन पूरी परीक्षा को निरस्त करना लाखों युवाओं की मेहनत पर पानी फेरने जैसा होगा। उन्होंने मांग की, कि शीघ्र उत्तरकुंजी और परीक्षा परिणाम जारी किए जाएं, ताकि योग्य अभ्यर्थियों का भविष्य ख़राब न हो। ज्ञापन सौंपने वाले परीक्षार्थियों में अमित चमोली, अनिल बिष्ट, संदीप रावत, शिवानी मलासी, आशा गैरोला, मोहित, श्रुति, अंकित कंडारी, रक्षा डंगवाल समेत कई परीक्षार्थी शामिल थे।

तिलवाड़ा क्षेत्र में दिखा युवाओं का आक्रोश

इसी मामले में दूसरी ओर जिले के तिलवाड़ा क्षेत्र में युवाओं ने बाजार में जुलूस निकालकर सरकार विरोधी नारे लगाए और मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों छात्रों का आरोप है कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने भर्ती प्रक्रिया पर से उनका भरोसा तोड़ दिया है। युवाओं का कहना है कि वे सालों तक पढ़ाई और कोचिंग में लाखों रुपये खर्च करते हैं, लेकिन जब भर्ती आती है तो पेपर लीक होकर पूरी मेहनत बेकार हो जाती है। पेपर पास कराने के लिए लाखों रुपये की बोली लगाई जा रही है। ऐसे में मेहनती छात्रों का भविष्य ख़राब हो रहा है और युवाओं का सरकारी भर्ती प्रक्रिया से भरोसा उठ चुका है। तिलवाड़ा में आक्रोश रैली में हैप्पी असवाल, संजय रावत, सूरज सिंह झिंक्वाण, आशुतोष भंडारी समेत दर्जनों युवा मौजूद रहे।

क्या फैसला लेगी सरकार?

UKSSSC Paper Leak
1 /

UKSSSC की परीक्षा को लेकर एक पक्ष चाहता है कि परीक्षा रद्द न की जाए और जल्द ही मेहनती अभ्यर्थियों का परिणाम घोषित कर दिया जाए। वहीं दूसरा पक्ष पेपर लीक की लगातार घटनाओं पर नाराज़ है और सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहा है। अब परीक्षार्थियों की नजर इस बात पर है कि आयोग और सरकार इस विवाद पर क्या फैसला लेते हैं, क्योंकि ये बात तो तय है कि इनके किसी भी निर्णय का सीधा असर लाखों युवाओं के भविष्य पर पड़ेगा।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home