image: UKSSSC CI Gr-II and ADO exam on 5 October 2025

UKSSSC: पेपर लीक के बाद अब 5 अक्तूबर को होगी नई भर्ती परीक्षा, इन दो जिलों में होंगे परीक्षा केंद्र

परीक्षा से एक दिन पहले जैमर से लेकर सुरक्षा इंतज़ाम तक सभी व्यवस्थाओं की वास्तविक जांच की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर रातभर चौकीदार तैनात रहेंगे। पुलिस टीमों द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा।
Sep 28 2025 5:21PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की 21 सितंबर को आयोजित स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा में पेपर लीक का मामले में विवाद लगातार जारी है। वहीं इस बीच आयोग द्वारा नई भर्ती की तैयारी की जा रही है। आयोग के अध्यक्ष द्वारा बताया गया है कि इस बार की परीक्षा में सुरक्षा इंतज़ामों में कोई कोताही नहीं होगी।

UKSSSC CI Gr-II and ADO exam on 5 October 2025

आगामी पांच अक्तूबर को UKSSSC की ओर से सहकारी समितियों में सहकारी निरीक्षक वर्ग-2 और सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) के 45 पदों पर भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में कम उम्मीदवार होने के कारण परीक्षा केंद्र केवल देहरादून और नैनीताल जिलों में होंगे। आयोग ने इन दोनों जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को पत्र भेजकर पहले ही निर्देश दे दिए हैं कि सभी परीक्षा केंद्रों की सघन जांच कर ली जाए ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की आशंका न रहे।

29 सितम्बर को जारी होंगे एडमिट कार्ड

आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर ही अभियर्थियों की कड़ी चेकिंग की जाएगी। ऐसे में परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर कम से कम दो घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य होगा। देरी होने पर उम्मीदवार चेकिंग प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाएंगे, जिससे वो परीक्षा से वंचित रह सकते हैं। इस भर्ती परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 29 सितम्बर को जारी कर दिए जाएंगे। जिन अभ्यर्थियों ने UKSSSC ADO भर्ती के लिए आवेदन किया है, वे कल से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

जैमर से लेकर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम

परीक्षा से एक दिन पहले यानि 4 अक्तूबर को सभी परीक्षा केंद्रों पर रिहर्सल कराई जाएगी। जिसका उद्देश्य यह है कि जैमर से लेकर सुरक्षा इंतज़ाम तक सभी व्यवस्थाओं की वास्तविक जांच की जा सके। परीक्षा केंद्रों पर रातभर चौकीदार तैनात रहेंगे। एक दिन पहले पुलिस टीमों द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। परीक्षा वाले दिन भी परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले हर केंद्र और आसपास के क्षेत्र में पुलिस जांच की जाएगी।

अध्यक्ष ने ECIL कंपनी को दिए सख्त निर्देश

आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि जैमर को लेकर ECIL कंपनी को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केन्द्रों में केवल लेटेस्ट तकनीक वाले जैमर लगाए जाएं। जैमर केवल परीक्षा कक्ष में ही नहीं, बल्कि वॉशरूम में भी लगाए जाएंगे। आयोग ने साफ किया कि इस बार स्नातक स्तरीय परीक्षा जैसी कोई चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अध्यक्ष मर्तोलिया ने कहा, “स्नातक स्तरीय परीक्षा में जो गड़बड़ियां या कमियां उजागर हुई थीं, उन्हें सुधार लिया जाएगा। 5 अक्तूबर की परीक्षा के लिए एक दिन पहले ही सभी तैयारियों की पूरी जांच होगी। उन्होंने बताया कि इस बार की परीक्षा में सुरक्षा इंतज़ामों में कोई कोताही नहीं होगी।”


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home