image: AIIMS employee was shot dead in Rishikesh

Uttarakhand News: ऋषिकेश में गोली मारकर महिला की बेरहमी से हत्या, एम्स में थी आउटसोर्सिंग कर्मचारी

ऋषिकेश के शिवाजी नगर में घर में अकेली रह रही 32 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रात 9:30 बजे हुई। हमलावर फरार हैं। पुलिस, एसओजी और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।
Feb 1 2026 1:28PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

देहरादून जिले के ऋषिकेश क्षेत्र में शनिवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शिवाजी नगर की गली नंबर 16 में घर में अकेली रह रही एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।

AIIMS employee was shot dead in Rishikesh

ऋषिकेश कोतवाली पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 9:30 बजे स्थानीय लोगों ने एक घर से गोली चलने की तेज आवाज सुनी। आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोगों ने कुछ व्यक्तियों को घटनास्थल से भागते हुए देखा। जब वे घर के अंदर पहुंचे तो महिला खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया है। इसके बाद क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई।

मृतका एम्स में थी आउटसोर्सिंग कर्मचारी

स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि मृतका की उम्र करीब 32 वर्ष थी और वह एम्स ऋषिकेश में आउटसोर्सिंग कर्मचारी के रूप में कार्यरत थी। महिला का एक 8 वर्षीय बेटा है, जो वर्तमान में अपने नाना-नानी के घर रहता है। महिला घर में अकेली रहती थी। मृतका मूल रूप से यमकेश्वर क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है।

हत्या के कारणों का नहीं चला पता

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला की हत्या किन कारणों से की गई। पुलिस अलग-अलग पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने, कारतूस और अन्य तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।

सीसीटीवी और एसओजी की मदद से जांच तेज

एसपी देहात जया बलूनी, ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी (Special Operations Group) की मदद ली जा रही है। उन्होंने कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। “आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।”
इस घटना के बाद शिवाजी नगर क्षेत्र में डर और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग जल्द खुलासे और गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home