image: Pithoragar to Delhi Tempo Traveller Service Starts

पिथौरागढ़ से दिल्ली अब सिर्फ 12 घंटे में, रोडवेज की नई AC टेंपो ट्रैवलर शुरू.. इतना रहेगा किराया

पिथौरागढ़ से दिल्ली के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम ने 17 सीटों वाली एसी टेंपो ट्रैवलर सेवा शुरू की है। अब सफर सिर्फ 12 घंटे में पूरा होगा। किराया 1355 रुपये तय, ऑनलाइन बुकिंग अनिवार्य। जानें पूरी जानकारी।
Feb 19 2026 7:30PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। उत्तराखंड परिवहन निगम ने पिथौरागढ़ डिपो से राजधानी दिल्ली के लिए एसी टेंपो ट्रैवलर (मिनी बस) सेवा का शुभारंभ कर दिया है। अब यात्रियों को 15–17 घंटे के लंबे और थकाऊ सफर के बजाय महज 12 घंटे में दिल्ली पहुंचने की सुविधा मिलेगी।

Pithoragar to Delhi Tempo Traveller Service Starts

उत्तराखंड परिवहन निगम के अनुसार, नई टेंपो ट्रैवलर मिनी बस में कुल 17 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। कम यात्री क्षमता होने के कारण बस समय पर रवाना होगी और तय समय पर गंतव्य तक पहुंचेगी। यह मिनी बस सुबह 6 बजे पिथौरागढ़ से रवाना होकर शाम 6 बजे दिल्ली पहुंचेगी। एसी सुविधा के कारण लंबी दूरी का सफर अब पहले की तुलना में अधिक आरामदायक होगा।

टैक्सी से सस्ता विकल्प

दिल्ली के लिए इस नई मिनी बस सेवा का किराया 1355 रुपये तय किया गया है। हालांकि यह किराया रोडवेज की सामान्य बसों से अधिक है, लेकिन टैक्सी के मुकाबले यह आधे या उससे भी कम खर्च में उपलब्ध है। तुलना करें तो सामान्य रोडवेज बस का किराया 905 रुपये है, लेकिन उसमें यात्रा का समय 15 से 17 घंटे तक लग सकता है। ऐसे में कम समय और बेहतर सुविधाओं को देखते हुए यह सेवा यात्रियों के लिए किफायती और सुविधाजनक विकल्प साबित हो सकती है।

ऑनलाइन बुकिंग अनिवार्य

यात्रियों को सीट बुक करने के लिए निगम की आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग करना होगा। फिलहाल पहले दिन एक मिनी बस का संचालन शुरू किया गया है। यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो डिपो को मिली अन्य तीन नई मिनी बसों को भी जल्द ही इस रूट पर संचालित किया जाएगा।

ट्रायल सफल रहा तो अन्य रूटों पर भी सेवा

पिथौरागढ़ डिपो के एआरएम रविशेखर कापड़ी ने बताया कि डिपो को कुल 4 नई टेंपो ट्रैवलर मिनी बसें मिली हैं। दिल्ली–पिथौरागढ़ रूट पर इसे ट्रायल के तौर पर शुरू किया गया है। यदि परिणाम सकारात्मक रहे तो भविष्य में अन्य लंबी दूरी के मार्गों पर भी यह सेवा शुरू की जाएगी। निगम का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और समयबद्ध यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home