image: Gargi Uniyal Commissioned as Flying Officer

चमोली: आसमान छूएगी ज्योतिर्मठ की बेटी, गार्गी उनियाल भारतीय वायु सेना में बनीं फ्लाइंग ऑफिसर

सैन्य प्रशिक्षण के बाद गार्गी उनियाल को भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में नियुक्त किया गया। बेटी गार्गी उनियाल की सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है।
Mar 10 2026 10:02AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड के चमोली जिले के ज्योतिर्मठ की निवासी गार्गी उनियाल ने भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन किया है। बेंगलुरु में आयोजित पासिंग आउट परेड में उनकी इस उपलब्धि से परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

Chamoli’s Gargi Uniyal Commissioned as Flying Officer

उत्तराखंड के चमोली जिले के ज्योतिर्मठ के सुनील वार्ड की रहने वाली गार्गी उनियाल ने भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 7 मार्च को बेंगलुरु में आयोजित पासिंग आउट परेड में उन्हें भारतीय वायु सेना में अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया।

पासिंग आउट परेड में मौजूद रहे माता-पिता

इस गौरवपूर्ण अवसर पर गार्गी के पिता दिनेश उनियाल और माता पूनम उनियाल भी उपस्थित रहे। अपनी बेटी को वायु सेना की वर्दी में देखकर परिवार और क्षेत्र के लोगों में गर्व और खुशी का माहौल देखने को मिला। गार्गी उनियाल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय ज्योतिर्मठ से प्राप्त की। उन्होंने वहीं से दसवीं और बारहवीं की पढ़ाई पूरी की और आगे की पढ़ाई के लिए इंजीनियरिंग की पढ़ाई चुनी।

इंजीनियरिंग के बाद एयरफोर्स

गार्गी ने घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट (AFCAT) में सफलता हासिल की और भारतीय वायु सेना में चयनित हुईं। करीब एक वर्ष के कठिन सैन्य प्रशिक्षण के बाद गार्गी उनियाल को भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में नियुक्त किया गया।

बेटियों के लिए प्रेरणा

बेटी गार्गी उनियाल की सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है। उनकी यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है और देश सेवा के प्रति समर्पण की मिसाल भी है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home