image: Uttarakhand Weather Update 17 April 2026

उत्तराखंड के 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी से बढ़ेगी आफत, देहरादून-हल्द्वानी में 40 के पार जाएगा पारा

उत्तराखंड में मौसम का बड़ा बदलाव—मैदानों में गर्मी चरम पर, पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी की संभावना। IMD ने येलो अलर्ट जारी किया।
Apr 17 2026 2:13PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है और राज्य में दोहरी स्थिति देखने को मिल रही है। जहां एक ओर मैदानी इलाकों में तेज धूप और बढ़ती गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, वहीं दूसरी ओर पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम ठंडा होकर बारिश और बर्फबारी की संभावना बना रहा है।

Uttarakhand Weather Update 17 April 2026

उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में इन दिनों चटख धूप के कारण तापमान तेजी से बढ़ रहा है। देहरादून-हल्द्वानी जैसे मैदानी क्षेत्रों में दिन का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर दोपहर के समय लू जैसे हालात महसूस हो रहे हैं और लोग गर्मी से बचने के लिए कूलर और पंखों का सहारा ले रहे हैं। इसके विपरीत प्रदेश के कई पहाड़ी जिलों में बारिश-बर्फ़बारी होने के संकेत मिल रहे हैं। इस मौसम परिवर्तन का मुख्य कारण भूमध्यसागर से सक्रिय हुआ नया पश्चिमी विक्षोभ है। इसके प्रभाव से पहाड़ी क्षेत्रों में बादल छाने और बारिश होने की स्थिति बन रही है, जबकि मैदानी इलाकों में गर्मी और उमस बढ़ रही है। आगे पढ़िए..

मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार आज 17 अप्रैल से 19 अप्रैल तक उत्तराखंड के 5 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन तीन दिनों तक प्रदेश के उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली चमकने की भी संभावना है। इसके साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। वहीं केदारनाथ और बद्रीनाथ जैसे उच्च हिमालयी क्षेत्रों में, जो 3800 से 4000 मीटर की ऊंचाई पर स्थित हैं, हल्की बर्फबारी हो सकती है। इस अप्रैल महीने में केदारनाथ में पहले ही कई बार बर्फबारी हो चुकी है, जिससे ठंड अभी भी बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 4 से 5 दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की और वृद्धि हो सकती है। इससे मैदानी इलाकों में गर्मी और अधिक बढ़ेगी और लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत होगी।




View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home