image: 12-Year-Old Boy Killed in Crocodile Attack

उत्तराखंड: नदी में नहाने गए किशोर को मगरमच्छ ने खींचा, सुबह खून से लथपथ मिली लाश

हरिद्वार के बुग्गावाला क्षेत्र में एक 12 वर्षीय किशोर की मगरमच्छ के हमले में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में भय का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से कार्रवाई की मांग की है।
May 1 2026 8:32PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड में वन्यजीवों के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब यहां बुग्गावाला थाना क्षेत्र में नदी में नहाने गए 12 वर्षीय किशोर को मगरमच्छ ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

12-Year-Old Boy Killed in Crocodile Attack

जानकारी के अनुसार बीते गुरूवार की दोपहर को हरिद्वार जिले में स्थित ग्राम बंजारेवाला का निवासी 12 वर्षीय राजा, पुत्र प्रमोद, साइकिल से चीला वाली नदी में नहाने गया था। नदी के पास गड्ढों में भी पानी भरा हुआ था। इसी दौरान एक मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर उसे पानी में खींच लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

रातभर तलाश, सुबह मिला शव

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने दोपहर से लेकर देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे कुछ ग्रामीण नदी के पास पहुंचे, जहां उन्हें खून से लथपथ राजा का शव दिखाई दिया। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। शव की हालत देखकर साफ हुआ कि यह मगरमच्छ के हमले का मामला है। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पूरे मामले की जांच की जा रही है। आगे पढ़िए..

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक राजा के पिता प्रमोद मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। राजा सातवीं कक्षा में पढ़ता था और अपने परिवार में दो छोटी बहनों और एक भाई के साथ रहता था। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां पिछले साल भी मगरमच्छ देखे गए थे। उस समय ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी थी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गड्ढों से पानी निकलवाकर तलाश की, लेकिन उस समय मगरमच्छ नहीं मिले थे।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home