image: Teen Love Affair Turns Fatal in Tehri Garhwal

उत्तराखंड: नाबालिग प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या, दोस्त की हालत गंभीर

टिहरी गढ़वाल में नाबालिग प्रेमिका से मिलने पहुंचे 18 वर्षीय युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। युवक के दोस्त को भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Jun 9 2026 9:07AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। नाबालिग प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंचे 18 वर्षीय युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उसके साथ गए दोस्त को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि किशोरी के परिजनों ने पहले से योजना बनाकर युवक को गांव बुलाया और फिर पूरी रात उसकी बेरहमी से पिटाई की।

Teen Love Affair Turns Fatal in Tehri Garhwal

जानकारी के अनुसार प्रतापनगर क्षेत्र के देवल गांव निवासी केतन लाल (18) की पड़ोसी गांव खोलगढ़ की एक नाबालिग लड़की से पिछले छह महीनों से दोस्ती थी। दोनों के बीच नियमित फोन पर बातचीत होती थी। कुछ समय पहले लड़की के परिजनों को इस संबंध की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने लड़की को युवक से बात न करने की चेतावनी दी। आरोप है कि रविवार रात लड़की के परिजनों ने उसी के मोबाइल फोन से केतन को गांव बुलाने के लिए कॉल करवाया।

दोस्त के साथ रात में गांव पहुंचा युवक

रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे केतन अपने दोस्त दिवाकर डिमरी (22) के साथ बाइक से खोलगढ़ गांव पहुंचा। बताया जा रहा है कि गांव में पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और एक कमरे में बंद कर दिया। आरोप है कि केतन और उसके दोस्त को पूरी रात लाठी-डंडों और बेल्ट से पीटा गया। स्थानीय लोगों के अनुसार दिवाकर की तुलना में केतन को अधिक गंभीर रूप से पीटा गया। उसके शरीर पर डंडों और बेल्ट के कई निशान मिले हैं। वहीं दिवाकर के सिर पर भी गंभीर चोटें आई हैं। आगे पढ़िए..

सोमवार सुबह दोनों युवकों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इलाज के दौरान केतन लाल की मौत हो गई, जबकि दिवाकर की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल बौराड़ी रेफर किया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक के पिता धनपाल लाल ने बताया कि सुबह उनके बेटे के मोबाइल नंबर से फोन आया था, लेकिन दूसरी तरफ किसी अन्य व्यक्ति की आवाज थी। फोन करने वाले ने कथित तौर पर कहा कि अपने बेटे को यहां से उठाकर ले जाओ। इसके बाद परिवार को घटना की जानकारी मिली।

12वीं का छात्र था केतन

केतन लाल स्थानीय विद्यालय में 12वीं कक्षा का छात्र था। परिवार और ग्रामीणों के अनुसार वह पढ़ाई कर रहा था और भविष्य को लेकर कई सपने देख रहा था। कुछ महीने पहले ही उसकी दोस्ती किशोरी से हुई थी, जो धीरे-धीरे गहरे संबंध में बदल गई। दिवाकर डिमरी हाल ही में मुंबई से वापस गांव लौटा था। वह केवल अपने दोस्त केतन को छोड़ने के लिए उसके साथ गया था। उसे अंदाजा भी नहीं था कि वहां पहुंचने पर दोनों पर हमला हो जाएगा।

मौत से क्षेत्र में फैली सनसनी

युवक की मौत की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कई लोगों का कहना है कि प्रेम संबंध को लेकर इस तरह की हिंसा समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस के अनुसार मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। परिजनों का दावा है कि अस्पताल ले जाते समय केतन ने एक वीडियो में बताया था कि उसे साजिश के तहत गांव बुलाया गया और फिर डंडों तथा बेल्ट से बेरहमी से पीटा गया। पुलिस इस वीडियो की भी जांच कर रही है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home