image: Nainital Mall Road to become a No Horn Zone

नैनीताल मॉल रोड बनेगी 'नो हॉर्न ज़ोन', 1 अगस्त से लागू होंगे नए नियम.. झील किनारे नो-पार्किंग भी घोषित

नैनीताल की मॉल रोड पर 1 अगस्त से हॉर्न बजाने पर प्रतिबंध लागू होगा। प्रशासन ने झील के आसपास के क्षेत्र को नो-पार्किंग जोन घोषित किया है और अवैध वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
Jul 2 2026 11:17AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

जनपद नैनीताल की प्रसिद्ध मॉल रोड पर अब अनावश्यक हॉर्न बजाने पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। प्रशासन ने इस संबंध में नए नियम लागू करने का निर्णय लिया है, जो 1 अगस्त से प्रभावी होंगे। इन नियमों के लागू होने से पहले लोगों को जागरूक करने के लिए इसी सप्ताह से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा और विभिन्न स्थानों पर सूचना संबंधी पोस्टर भी लगाए जाएंगे।

Nainital's Mall Road to become a 'No Horn Zone'

यह निर्णय उत्तराखंड उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में लिया गया है। मंडलायुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नैनीताल की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पर्यटक-अनुकूल बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

पर्यटकों को मिलेगा शांत वातावरण

बैठक में मंडलायुक्त दीपक रावत ने कहा कि मॉल रोड नैनीताल की पहचान है, जहां देश-विदेश से आने वाले पर्यटक शांत वातावरण में घूमने का आनंद लेते हैं। उन्होंने कहा कि अनावश्यक हॉर्न से होने वाला ध्वनि प्रदूषण पर्यटकों के अनुभव को प्रभावित करता है। इसी कारण जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को आवश्यक आदेश जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। आगे पढ़िए..

झील के आसपास का क्षेत्र बना नो-पार्किंग जोन

प्रशासन ने तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी बैंड तक झील के आसपास के पूरे क्षेत्र को नो-पार्किंग जोन घोषित कर दिया है। इसका उद्देश्य यातायात को सुचारु बनाए रखना और सड़क पर लगने वाले जाम की समस्या को कम करना है। बैठक में परिवहन और पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र वाले सरकारी और निजी वाहनों का संचालन तत्काल रोका जाए। ऐसे वाहनों को सीज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा निजी वाहनों से अवैध रूप से टैक्सी संचालन रोकने के लिए संयुक्त अभियान भी चलाया जाएगा।

रूसी बाईपास बनेगा आधुनिक पार्किंग हब

प्रशासन ने रूसी बाईपास को आधुनिक पार्किंग हब के रूप में विकसित करने की योजना भी बनाई है। प्रस्तावित पार्किंग में पर्यटकों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए शौचालय, पेयजल व्यवस्था, विद्युत सुविधा, दुकानें और सीसीटीवी निगरानी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

जागरूकता अभियान भी होगा शुरू

नए नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रशासन लोगों को जागरूक करेगा। विभिन्न स्थानों पर पोस्टर लगाए जाएंगे और लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की जाएगी।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home