image: Tanakpur to Hazur Sahib Nanded Direct Train Starts

उत्तराखंड: टनकपुर-हजूर साहिब के लिए शुरू हुई ट्रेन, ये रहेगा टाइम.. जानिए पूरा शेड्यूल

उत्तराखंड के टनकपुर से तख्त श्री हजूर साहिब नांदेड़ तक नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होने जा रही है। 6 जुलाई को ट्रेन का शुभारंभ होगा। इससे सीमांत क्षेत्र के लोगों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी।
Jul 5 2026 12:31PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। टनकपुर से तख्त श्री हजूर साहिब नांदेड़ तक सीधी रेल सेवा शुरू होने वाली है।

Tanakpur to Hazur Sahib Nanded Direct Train Starts

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों के बाद इस ट्रेन को मंजूरी मिली है। लंबे समय से स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि इस रेल सेवा की मांग कर रहे थे, ताकि सीमांत क्षेत्र के लोगों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर रेल सुविधा मिल सके।

6 जुलाई को होगा ट्रेन का शुभारंभ

नई ट्रेन का औपचारिक शुभारंभ 6 जुलाई को टनकपुर रेलवे स्टेशन से किया जाएगा। केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर रेलवे अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के मौजूद रहने की संभावना है।

सप्ताह में एक दिन चलेगी एक्सप्रेस ट्रेन

टनकपुर-हजूर साहिब नांदेड़ एक्सप्रेस फिलहाल सप्ताह में एक दिन संचालित होगी। रविवार को यह ट्रेन हजूर साहिब नांदेड़ से रवाना होकर अकोला, इटारसी, भोपाल, ग्वालियर, झांसी, आगरा, मथुरा और बरेली जैसे प्रमुख स्टेशनों से गुजरते हुए मंगलवार सुबह 5:55 बजे टनकपुर पहुंचेगी। आगे पढ़िए..

इसके बाद मंगलवार सुबह 9:00 बजे टनकपुर से वापस रवाना होकर बुधवार शाम 4:30 बजे हजूर साहिब नांदेड़ पहुंचेगी। इस नई रेल सेवा से लंबी दूरी की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।

खटीमा रेलवे स्टेशन पर भी मिलेगा ठहराव

यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि इस ट्रेन का खटीमा रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव सुनिश्चित कर दिया गया है। पहले प्रस्तावित समय-सारिणी में खटीमा स्टेशन शामिल नहीं था, लेकिन अब यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इसे जोड़ा गया है। टनकपुर से रवाना होने के बाद ट्रेन सुबह 9:26 बजे खटीमा पहुंचेगी और तीन मिनट के ठहराव के बाद सुबह 9:29 बजे आगे के लिए रवाना होगी। हालांकि रेलवे की आधिकारिक समय-सारिणी में यह अपडेट जल्द शामिल किया जाएगा।

14 जुलाई से शुरू होगा नियमित संचालन

रेलवे अधिकारियों के अनुसार उद्घाटन के बाद ट्रेन का नियमित संचालन 14 जुलाई से शुरू किया जाएगा। 12 जुलाई को ट्रेन नांदेड़ से रवाना होगी और 14 जुलाई को टनकपुर पहुंचेगी। उसी दिन यह वापस नांदेड़ के लिए रवाना हो जाएगी। इसके बाद ट्रेन अपने निर्धारित साप्ताहिक कार्यक्रम के अनुसार नियमित रूप से चलेगी।

सीमांत क्षेत्र और सिख श्रद्धालुओं को होगा बड़ा लाभ

नई रेल सेवा शुरू होने से उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। अब यात्रियों को कई बार ट्रेन बदलने की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके अलावा इस ट्रेन के संचालन से पर्यटन, व्यापार और उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home