उत्तराखंड: सहेली ने हैवान को सौंप दिया, वाटर पार्क का झांसा देकर 13 साल की मासूम से सामूहिक दुष्कर्म
रुद्रपुर में 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया। वाटर पार्क ले जाने के बहाने होटल में ले जाकर नशीला पदार्थ पिलाने का आरोप। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
Jul 8 2026 6:19PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। ट्रांजिट कैम्प थाना क्षेत्र की रहने वाली 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्ची को वाटर पार्क घुमाने का झांसा देकर होटल ले जाया गया, जहां उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ कई लोगों ने दुष्कर्म किया।
Gang-rape of a 13-year-old girl in Rudrapur
पीड़िता की मां के अनुसार, 6 जुलाई की दोपहर उनकी 13 वर्षीय बेटी अपनी एक सहेली के साथ वाटर पार्क जाने के लिए घर से निकली थी। दोनों मेडिसिटी अस्पताल के पास ऑटो का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान एक युवक बाइक से वहां पहुंचा, जिसे पीड़िता की सहेली पहले से जानती थी और अपना मुंहबोला भाई बताती थी। युवक के साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। आरोप है कि युवक ने नाबालिग को अपनी बाइक पर बैठाया और उसे लालपुर टोल प्लाजा के पास स्थित एक होटल में ले गया।
कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप
शिकायत के अनुसार होटल में बच्ची को कोल्ड ड्रिंक में कथित रूप से नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिससे वह बेहोश हो गई। आगे पढ़िए..
पीड़िता के मुताबिक, बेहोशी की हालत में पहले दो आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद होटल में अन्य युवकों को भी बुलाया गया, जिन्होंने भी कथित रूप से उसके साथ यौन उत्पीड़न किया।
पूरी रात होटल में रखा, सुबह बाहर छोड़कर फरार
परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने बच्ची को पूरी रात होटल में रखा। अगले दिन सुबह उसे होटल के बाहर छोड़कर फरार हो गए। होश आने पर बच्ची ने एक स्थानीय दुकानदार से मोबाइल फोन लेकर अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, कई टीमें जांच में जुटीं
घटना की जानकारी मिलते ही रुद्रपुर पुलिस हरकत में आ गई। पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस होटल, घटनास्थल और अन्य स्थानों से सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल और फोरेंसिक साक्ष्य जुटा रही है। साथ ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार कार्रवाई में जुटी हुई हैं।