गढ़वाल: अस्पताल की दीवार बनी काल, नारायणबगड़ PHC के डॉक्टर की दर्दनाक मौत
उत्तराखंड के चमोली जिले के नारायणबगड़ में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन डिमरी की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। हायर सेंटर ले जाते समय उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया।
Jul 11 2026 5:58PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
उत्तराखंड के चमोली जिले से स्वास्थ्य विभाग के लिए बेहद दुखद खबर सामने आई है। नारायणबगड़ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन डिमरी की शनिवार को एक दर्दनाक दुर्घटना में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय प्रशासन और क्षेत्रवासियों में शोक का माहौल है।
Chamoli Doctor Dies in Wall Collapse Accident
जानकारी के अनुसार, डॉ. नवीन डिमरी अस्पताल परिसर के समीप स्थित आवासीय भवन के पीछे बनी क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और वे उसकी चपेट में आ गए। हादसे के तुरंत बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने उन्हें मलबे से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया। उनकी हालत गंभीर होने पर 108 एंबुलेंस की मदद से हायर सेंटर रेफर किया गया। हालांकि, उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही डॉ. नवीन डिमरी ने दम तोड़ दिया। इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग को गहरा आघात पहुंचाया है।
मरीजों की सेवा के लिए थे समर्पित
डॉ. नवीन डिमरी लंबे समय से पीएचसी नारायणबगड़ में प्रभारी चिकित्साधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वे अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और मरीजों के प्रति समर्पण के लिए पूरे क्षेत्र में जाने जाते थे। आगे पढ़िए..
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद हमेशा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया। जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए वे हर समय उपलब्ध रहते थे, जिससे लोगों के बीच उनकी विशेष पहचान और सम्मान था।
जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने जताया शोक
डॉ. नवीन डिमरी के निधन पर स्थानीय युवक संजय कंडारी, भाजपा नेता कमलेश सती, जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा नेता सुरेंद्र कनेरी सहित अनेक सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डॉ. डिमरी का निधन केवल स्वास्थ्य विभाग ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका मानवीय व्यवहार और सेवा भावना हमेशा लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेगी।
CMO ने की घटना की पुष्टि
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. गुप्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार गिरने से डॉ. नवीन डिमरी गंभीर रूप से घायल हुए थे। उन्हें तत्काल हायर सेंटर भेजा गया, लेकिन रास्ते में उनका निधन हो गया। सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने एक कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित चिकित्सक को खो दिया है, जिसकी भरपाई करना आसान नहीं होगा। डॉ. नवीन डिमरी के असामयिक निधन की खबर फैलते ही नारायणबगड़ और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल के कर्मचारियों, सहयोगियों और स्थानीय नागरिकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे हमेशा जनसेवा के लिए समर्पित रहे और उनका योगदान लंबे समय तक याद रखा जाएगा।