उत्तराखंड: तीनपानी बाईपास पुल पर बड़ा हादसा, स्कॉर्पियो की टक्कर से चार युवकों ने गंवाई जान
हल्द्वानी के तीनपानी बाईपास पुल पर शनिवार रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और स्कूटी की भीषण टक्कर में चार युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Jul 12 2026 1:29PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
उत्तराखंड के हल्द्वानी में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। तीनपानी बाईपास पुल पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और स्कूटी की जोरदार टक्कर में चार युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरे।
Fatal Road Accident Claims Four Lives in Haldwani
जानकारी के अनुसार, लालकुआं की ओर से आ रही स्कॉर्पियो (UK04U-7275) ने शनिवार रात करीब 10 बजे एनएच-109 स्थित तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर के घुमाव पर स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि स्कूटी सवार चारों युवक दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चौथे युवक की हालत बेहद गंभीर थी। उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। आगे पढ़िए..
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान राहुल राजपूत, शिवम, आशु गौड़ा और आदि टम्टा के रूप में हुई है। सभी पड़ाव क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए।
पुलिस ने शुरू की दुर्घटना की जांच
हादसे के बाद पुलिस ने यातायात को सुचारू कराया और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
सीओ अमित कुमार ने बताया कि तीनपानी के पास एनएच-109 फ्लाईओवर पर स्कॉर्पियो और स्कूटी की टक्कर हुई। प्रारंभिक जांच में गंभीर सड़क दुर्घटना की पुष्टि हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।