image: Haridwar Canal Mystery Deepens as Five Face Charges

हरिद्वार गंगनहर कांड: मां-बेटी लापता मामले में पति समेत 5 पर केस, नहर में धक्का देने का आरोप

हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में गंगनहर में मां-बेटी के लापता होने के मामले में नया मोड़ आया है। महिला के मायके पक्ष की शिकायत पर पति समेत 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं।
Jul 14 2026 12:19PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र स्थित डीपीएस दौलतपुर के पास गंगनहर में एक वर्षीय बेटी के साथ लापता हुई विवाहिता के मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। शुरुआत में पति ने पुलिस को बताया था कि पत्नी घरेलू विवाद के बाद अपनी एक वर्षीय बेटी को गोद में लेकर खुद गंगनहर में कूद गई। लेकिन अब महिला के मायके पक्ष ने पति और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि मारपीट के बाद महिला और उसकी मासूम बेटी को जानबूझकर गंगनहर में धक्का दिया गया। महिला के भाई की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Haridwar Canal Mystery Deepens as Five Face Charges

पुलिस के अनुसार कलियर थाना क्षेत्र के कोटा मुरादनगर निवासी अर्जुन ने बताया कि वह रविवार को अपनी पत्नी सरिता, चार वर्षीय बेटे और एक वर्षीय बेटी के साथ बाइक से बहादराबाद स्थित रायपुर दरेड़ा गांव में अपनी ससुराल जा रहा था। रास्ते में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। अर्जुन का दावा है कि विवाद बढ़ने पर सरिता अपनी एक वर्षीय बेटी को गोद में लेकर डीपीएस दौलतपुर के पास गंगनहर में कूद गई। सूचना मिलते ही पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की, लेकिन सोमवार देर शाम तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका।

मायके पक्ष ने लगाया धक्का देकर नहर में फेंकने का आरोप

घटना के अगले दिन मामले ने नया मोड़ ले लिया। महिला के भाई भूपेंद्र कुमार ने बहादराबाद पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी बहन सरिता की शादी 27 जून 2020 को अर्जुन से हुई थी। शादी के बाद से पति, सास, ससुर और ननदें लगातार दहेज की मांग को लेकर उसका मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करते थे। शिकायत में कहा गया है कि 11 जुलाई की रात सरिता ने फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट की जा रही है और उसे तथा उसकी एक वर्षीय बेटी को जान से मारने की कोशिश की जा रही है। आगे पढ़िए..

परिजनों ने उसे समझाते हुए अगले दिन आने का भरोसा दिया था। परिजनों का आरोप है कि अगले दिन अर्जुन ने फोन कर सूचना दी कि सरिता बेटी के साथ गंगनहर में कूद गई है। परिवार का दावा है कि दोनों को खुद नहर में नहीं कूदना पड़ा, बल्कि मारपीट के बाद उन्हें गंगनहर में धक्का दिया गया।

पति समेत पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज

महिला के भाई की शिकायत के आधार पर बहादराबाद पुलिस ने पति अर्जुन, ससुर बालेश्वर, सास कलावती तथा ननद शीतल और बुलबुल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब दहेज उत्पीड़न, मारपीट और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद से जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार गंगनहर में सर्च अभियान चला रही हैं। हालांकि सोमवार देर शाम तक मां और एक वर्षीय बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

बहादराबाद थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने कहा

"प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। साथ ही गंगनहर में लापता मां और बेटी की तलाश के लिए जल पुलिस और एसडीआरएफ का सर्च अभियान लगातार जारी है।" फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है। एक ओर पति घटना को आत्महत्या बता रहा है, जबकि दूसरी ओर मायके पक्ष इसे दहेज उत्पीड़न और हत्या के प्रयास से जुड़ा मामला बता रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home