image: Nainital Residents Panic as Mysterious Stone Pelting Continues

नैनीताल में रहस्यमयी पत्थरबाजी से दहशत, हर रात घरों की छतों पर बरस रहे पत्थर; पुलिस की कॉम्बिंग भी बेअसर

नैनीताल के जिला पंचायत और अपर मॉल रोड क्षेत्र में पिछले 10–11 दिनों से हर रात घरों की छतों पर रहस्यमयी तरीके से पत्थर गिर रहे हैं। पुलिस ने जंगल क्षेत्र में कॉम्बिंग अभियान चलाया, लेकिन अब तक कोई संदिग्ध नहीं मिला।
Jul 18 2026 10:17AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड के नैनीताल शहर में इन दिनों एक रहस्यमयी घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जिला पंचायत और अपर मॉल रोड क्षेत्र में पिछले 10–11 दिनों से हर रात अचानक घरों की छतों पर पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। यह सिलसिला रोजाना रात करीब 8 बजे शुरू होकर देर रात 12 से 1 बजे तक चलता है, जिससे पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

Nainital Residents Panic as Mysterious Stone Pelting Continues

स्थानीय लोगों का कहना है कि शुरुआत में उन्होंने इसे शरारती तत्वों की हरकत समझा, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं ने मामले को रहस्यमयी बना दिया है। स्थानीय निवासी चंपा, सुरेश और निर्मल ने बताया कि लगातार हो रही पत्थरबाजी से सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है। शाम होते ही लोग घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, जबकि महिलाएं भी भय के कारण घरों में ही रहने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, जैसे ही रात के आठ बजते हैं, अचानक घरों की छतों पर पत्थर गिरने शुरू हो जाते हैं। इससे हर रात दहशत का माहौल बन जाता है। आगे पढ़िए..

स्थानीय लोगों ने भी की तलाश, नहीं मिला कोई सुराग

घटना से परेशान लोगों ने खुद भी आसपास के जंगलों और संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन अब तक कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। स्थानीय निवासी सुरेश चंद भट्ट का कहना है कि जिला पंचायत परिसर, गेस्ट हाउस के ऊपर स्थित जंगल और आसपास के क्षेत्र से आबादी की ओर पत्थर फेंके जाने की आशंका है। वहीं, निर्मल ने कहा कि लगातार हो रही इस घटना के कारण अब इलाके में रहना मुश्किल हो गया है। कई दिनों से पत्थरबाजी जारी है, लेकिन अब तक किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस ने चलाया कॉम्बिंग अभियान

मामले की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली नैनीताल पुलिस ने दो रात तक जंगल क्षेत्र में कॉम्बिंग अभियान चलाया। हालांकि पुलिस को अब तक कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला है। एसआई श्याम बोरा ने बताया कि शिकायत के आधार पर जंगल क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया गया है। फिलहाल कोई संदिग्ध पुलिस के हाथ नहीं लगा है, लेकिन स्थानीय लोगों की सुरक्षा को देखते हुए जंगल और आबादी वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी और तलाशी अभियान जारी है।

स्थानीय लोगों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की

लगातार हो रही रहस्यमयी पत्थरबाजी से क्षेत्र के लोग भयभीत हैं। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने, दोषियों की जल्द पहचान करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जब तक घटना का खुलासा नहीं होता, तब तक पूरे इलाके में डर का माहौल बना रहेगा।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home