उत्तराखंड: UPCL कर्मचारियों को बड़ी राहत! 1 महीने में प्रमोशन, स्थायीकरण और ACP.. 190 पदों पर जल्द भर्ती
यूपीसीएल प्रबंधन ने एक महीने के भीतर कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए पदोन्नति, स्थायीकरण, वित्तीय स्तरोन्नयन और 450 लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति मामलों का निस्तारण किया... पूरी रिपोर्ट पढ़िए
Aug 1 2026 9:44AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए एक महीने के भीतर पदोन्नति, स्थायीकरण, वित्तीय स्तरोन्नयन (ACP/MACP) और चिकित्सा प्रतिपूर्ति से जुड़े लंबित मामलों का निस्तारण किया है। निगम प्रबंधन का कहना है कि कार्मिकों से जुड़े लंबित मामलों का समाधान उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
UPCL Announces Promotions and New Recruitment Drive
यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक (एमडी) पीसी ध्यानी ने बताया कि कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए लंबित मामलों का तेजी से निपटारा किया जा रहा है। वहीं, अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) आर.जे. मलिक ने बताया कि विभिन्न संवर्गों के अधिकारियों और कर्मचारियों के लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान किया गया है।
27 कर्मचारियों को पदोन्नति, 37 का स्थायीकरण
निगम ने उपमुख्य लेखाधिकारी, उपमुख्य कार्मिक अधिकारी, लेखाधिकारी, सहायक लेखाधिकारी और कार्यालय अधीक्षक-द्वितीय सहित विभिन्न पदों पर कुल 27 कर्मचारियों को पदोन्नति दी है। इसके अलावा सहायक अभियंता और सहायक लेखाकार संवर्ग के 37 कर्मचारियों का स्थायीकरण किया गया है, जिससे लंबे समय से इंतजार कर रहे कर्मचारियों को राहत मिली है।
36 कर्मचारियों को मिला ACP/MACP का लाभ
यूपीसीएल ने अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, लेखाकार, कार्यालय अधीक्षक और कार्यालय सहायक सहित विभिन्न संवर्गों के 36 कर्मचारियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय सुनिश्चित वित्तीय स्तरोन्नयन (ACP/MACP) का लाभ भी प्रदान किया है।
450 लंबित मेडिकल प्रतिपूर्ति मामलों का निस्तारण
मानव संसाधन विभाग ने चिकित्सा प्रतिपूर्ति (Medical Reimbursement) से जुड़े कर्मचारियों की शिकायतों पर भी कार्रवाई करते हुए करीब 450 लंबित मामलों का निस्तारण कर दिया है। इससे कर्मचारियों को लंबे समय से लंबित भुगतान में राहत मिलेगी।
190 पदों पर जल्द होगी भर्ती
एमडी पीसी ध्यानी ने बताया कि मुख्यमंत्री के राज्य के युवाओं को अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के संकल्प के अनुरूप यूपीसीएल में भर्ती प्रक्रिया को भी तेज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सीधी भर्ती के तहत 75 सहायक लेखाकार (Assistant Accountant) पदों के लिए विज्ञापन जारी कर दिया गया है। इसके अलावा सहायक अभियंता, लेखाधिकारी, कार्मिक अधिकारी, विधि अधिकारी, अवर अभियंता, ड्राफ्ट्समैन और सहायक भंडारी समेत करीब 115 अन्य रिक्त पदों पर भर्ती विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
यूनियनों ने जताया आभार
यूपीसीएल की विभिन्न कर्मचारी यूनियनों और एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित मामलों के समाधान से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और इससे निगम की कार्यक्षमता में भी सकारात्मक सुधार होगा।