हरिद्वार में सख्त हुई पुलिस, 12 फीट से ऊंची कांवड़ और DJ लेकर पहुंचे कांवड़ियों को बॉर्डर से लौटाया
हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान 10 फीट से अधिक चौड़ाई और 12 फीट से अधिक ऊंचाई वाले DJ और कांवड़ वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर अलर्ट है।
Aug 6 2026 7:17PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में हरिद्वार प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए बड़े आकार के डीजे और कांवड़ पर सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर तय मानकों से अधिक आकार वाले डीजे और कांवड़ वाहनों को जिले में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
Haridwar Police Return Oversized Kanwar and DJ Vehicles at Narsan Border
जिला प्रशासन के अनुसार 10 फीट से अधिक चौड़ाई और 12 फीट से अधिक ऊंचाई वाले डीजे एवं कांवड़ किसी भी स्थिति में हरिद्वार में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। ऐसे वाहनों को नारसन बॉर्डर से ही वापस लौटाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुचारु यातायात बनाए रखने के उद्देश्य से लागू की गई है। कांवड़ियों और आयोजकों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
पंचक समाप्त होते ही बढ़ी डाक कांवड़ की भीड़
पंचक समाप्त होने के बाद हरिद्वार में डाक कांवड़ यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में शिवभक्त वाहन और जत्थों के साथ धर्मनगरी पहुंच रहे हैं। बैरागी कैंप सहित शहर के कई क्षेत्रों में डाक कांवड़ के वाहन दिखाई देने लगे हैं। आगे पढ़िए..
श्रद्धालु गंगाजल लेकर अपने-अपने राज्यों की ओर रवाना हो रहे हैं, जिससे शहर में यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है।
अगले चार दिन पुलिस-प्रशासन के लिए अहम
डाक कांवड़ यात्रा के चरम पर पहुंचने के साथ आने वाले चार दिन पुलिस और प्रशासन के लिए सबसे चुनौतीपूर्ण माने जा रहे हैं। भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, यातायात संचालन और कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। हरिद्वार से लेकर उत्तर प्रदेश सीमा तक यातायात को सुचारु बनाए रखना प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
एसएसपी ने दिए सुरक्षा इंतजामों के निर्देश
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि डाक कांवड़ वाहनों के प्रवेश और निकासी के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पुलिस लगातार यातायात की निगरानी कर रही है और आवश्यकता के अनुसार डायवर्जन एवं अन्य प्रबंधन उपाय लागू किए जा रहे हैं, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।