image: Latika Bhandari to Receive Uttarakhand Tilu Rauteli Award

उत्तराखंड: ताइक्वांडो चैंपियन लतिका भंडारी के नाम एक और बड़ी उपलब्धि, मिलेगा तीलू रौतेली पुरस्कार

नैनीताल की ताइक्वांडो खिलाड़ी लतिका भंडारी को तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीतने वाली लतिका वर्तमान में भारतीय टीम की कोच भी हैं।
Aug 6 2026 7:55PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड की प्रतिभाशाली ताइक्वांडो खिलाड़ी लतिका भंडारी को खेल जगत में उनके उत्कृष्ट योगदान और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों के लिए तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस सम्मान के बाद उनके परिवार, खेल प्रेमियों और पूरे उत्तराखंड में खुशी की लहर है। वर्तमान में मुंबई के आयकर विभाग में खेल कोटे के तहत कार्यरत लतिका भारतीय ताइक्वांडो टीम की कोच के रूप में भी युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रही हैं।

Latika Bhandari to Receive Uttarakhand's Tilu Rauteli Award

मूल रूप से नैनीताल के मल्लीताल और वर्तमान में भीमताल निवासी लतिका भंडारी ने आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों के बीच वर्ष 2007 में ताइक्वांडो की शुरुआत की। शुरुआती दौर में उन्होंने मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीते। बाद में वह उत्तराखंड से जुड़ीं और लगातार प्रदेश का नाम रोशन करती रहीं। उनकी मां नीमा भंडारी गृहिणी हैं, जबकि पिता महेंद्र सिंह असम राइफल्स से सेवानिवृत्त हैं।

विश्व रैंकिंग में इतिहास रचने वाली पहली भारतीय

लतिका भंडारी ने अपने 25 वर्षों से अधिक लंबे खेल करियर में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं। वर्ष 2018 में वह अंडर-19 (53 किलोग्राम) वर्ग की विश्व रैंकिंग में शीर्ष-20 में पहुंचने वाली पहली भारतीय ताइक्वांडो खिलाड़ी बनीं। वह एशियन और कॉमनवेल्थ दोनों चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली भी देश की पहली और एकमात्र भारतीय महिला खिलाड़ियों में शामिल हैं।

लतिका के नाम दर्ज हैं 10 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पदक

साउथ एशियन गेम्स: 2 स्वर्ण (2016, 2019), 1 रजत (2010)
कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप: 1 स्वर्ण और 1 रजत (2017)
एशियन चैंपियनशिप: कांस्य पदक (2014)
प्रेसिडेंट्स कप: रजत पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला
फुजैराह ओपन: स्वर्ण पदक
मलेशिया ओपन: रजत पदक
माउंट एवरेस्ट ओपन और फज्र ओपन: कांस्य पदक

राष्ट्रीय स्तर पर भी बनाया रिकॉर्ड

लतिका ने 18 से अधिक राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किए हैं। वह लगातार 10 वर्षों से अधिक समय तक सीनियर नेशनल और नेशनल गेम्स में भारत की नंबर-1 खिलाड़ियों में शामिल रहीं। 38वें नेशनल गेम्स में भी उन्होंने कांस्य पदक जीतकर अपनी उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ा।

खिलाड़ी से बनीं भारतीय टीम की कोच

सक्रिय खिलाड़ी रहते हुए भी लतिका ने स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) और मध्य प्रदेश अकादमी में छह वर्षों तक कोचिंग दी। वर्तमान में वह भारतीय जूनियर और अंडर-21 ताइक्वांडो टीम की कोच के रूप में देश की नई प्रतिभाओं को तैयार कर रही हैं। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रमाणित लेवल-I और लेवल-II कोच हैं तथा वर्ष 2025-26 जूनियर एवं अंडर-21 विश्व चैंपियनशिप में भारतीय टीम का मार्गदर्शन कर रही हैं।

कई प्रतिष्ठित सम्मान भी मिल चुके

लतिका भंडारी को खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए विक्रम अवार्ड (2012), स्पोर्ट्स टाइम्स अवार्ड (2013) और BRICS Trailblazer Award 2025 से भी सम्मानित किया जा चुका है। उनका नाम फिजिकल एजुकेशन की पुस्तक के "Legend Corner" में दर्ज है, जबकि Sheroes Book में उन्हें भारत की 100 प्रेरणादायक महिलाओं में शामिल किया गया है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home