रुद्रप्रयाग: 2000 से ज्यादा निशानेबाजों के बीच चमके दिव्यांश कप्रवाण, स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में जीता गोल्ड
रुद्रप्रयाग के तूना बोंठा निवासी युवा निशानेबाज दिव्यांश कप्रवाण ने 24वीं उत्तराखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। प्रतियोगिता में 2000 से अधिक निशानेबाजों ने हिस्सा लिया।
Aug 10 2026 4:28PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
जनपद रुद्रप्रयाग के तूना बोंठा निवासी युवा निशानेबाज दिव्यांश कप्रवाण ने अपनी शानदार निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 24वीं उत्तराखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर रुद्रप्रयाग का नाम रोशन किया है। दिव्यांश की इस उपलब्धि से उनके परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
Divyansh from Rudraprayag won gold in shooting Championship
देहरादून में आयोजित प्रतियोगिता में दिव्यांश ने बेहतरीन एकाग्रता और सटीक निशाना साधते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। छोटे से पहाड़ी गांव से निकलकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करना उनकी मेहनत, लगन और प्रतिभा को दर्शाता है। दिव्यांश की सफलता पर क्षेत्रवासियों और परिजनों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
परिवार को बेटे की उपलब्धि पर गर्व
दिव्यांश के पिता अनिल कप्रवाण उत्तर प्रदेश पुलिस में डीएसपी के पद पर तैनात हैं। उनके चाचा अरुण कप्रवाण समेत परिवार और शुभचिंतकों ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई। आगे पढ़िए..
चाचा अरुण कप्रवाण ने कहा कि दिव्यांश ने अपनी मेहनत, एकाग्रता और निरंतर लगन के दम पर यह सफलता हासिल की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिव्यांश आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
पहाड़ के युवाओं के लिए बने प्रेरणा
दिव्यांश की स्वर्णिम सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ की खेल प्रतिभाओं को उचित अवसर और प्रोत्साहन मिले तो यहां के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। दिव्यांश की इस उपलब्धि से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और लोगों को उनसे भविष्य में भी बड़ी सफलताओं की उम्मीद है।
2000 से ज्यादा निशानेबाजों ने लिया हिस्सा
24वीं उत्तराखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन 2 से 8 अगस्त 2026 तक देहरादून के पौंधा स्थित जसपाल राणा इंस्टीट्यूट ऑफ शूटिंग स्पोर्ट्स परिसर में हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 2000 से अधिक निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। इतने बड़े स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर दिव्यांश ने अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया है।