चमोली टनल हादसे का जायजा लेने जा रहे थे MP अनिल बलूनी, तोताघाटी में कार पर गिरा भारी बोल्डर.. बाल-बाल बचे
चमोली जिले के पीपलकोटी में टनल हादसे का जायजा लेने जा रहे सांसद अनिल बलूनी की इनोवा कार पर तोताघाटी के पास भारी बोल्डर गिर गया। कार क्षतिग्रस्त हुई, लेकिन सांसद समेत सभी लोग सुरक्षित रहे।
Aug 14 2026 8:36PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
सांसद अनिल बलूनी चमोली जिले के पीपलकोटी में हुए टनल हादसे का स्थलीय जायजा लेने और प्रभावित लोगों का हाल जानने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी के समीप अचानक उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
Anil Baluni car accident Totaghati boulder Pipalkoti
जानकारी के अनुसार, सांसद अनिल बलूनी की इनोवा कार जैसे ही तोताघाटी के पास पहुंची, तभी पहाड़ी से मलबे के साथ एक भारी-भरकम बोल्डर अचानक नीचे आ गिरा। बोल्डर सीधे इनोवा कार पर आ गिरा, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुए इस हादसे से कार में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि सांसद अनिल बलूनी समेत वाहन में मौजूद सभी लोग सुरक्षित रहे। किसी को गंभीर चोट नहीं आई। आगे पढ़िए..
घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहन की आवश्यक मरम्मत कराई गई। वाहन की स्थिति सामान्य होने के बाद सांसद अनिल बलूनी श्रीनगर होते हुए पीपलकोटी के टनल हादसे वाले क्षेत्र के लिए आगे रवाना हो गए।
श्रीनगर भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ईश्वर की कृपा से सांसद और उनका अमला पूरी तरह सुरक्षित है।
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बना हुआ है भूस्खलन का खतरा
तोताघाटी में सांसद की कार पर बोल्डर गिरने की यह घटना एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने के खतरे को सामने लाती है। बारिश के दौरान ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग समेत उत्तराखंड के कई पर्वतीय मार्गों पर पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। सांसद की कार पर बोल्डर गिरने के बावजूद सभी लोगों के सुरक्षित बचने को बड़ी राहत माना जा रहा है।