image: Teen Girl Missing for Two Months Rescued from Himachal

उत्तराखंड: ऑनलाइन गेमिंग की दोस्ती ने नाबालिग बच्ची को पहुंचाया हिमाचल, पुलिस ने दो महीने बाद किया बरामद

Nanakmatta News: ऑनलाइन गेमिंग के जरिए हुई दोस्ती के बाद लापता 17 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने हिमाचल से सकुशल बरामद किया। 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार हुआ है।
Aug 21 2026 9:22PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

जनपद ऊधमसिंह नगर के नानकमत्ता में ऑनलाइन गेमिंग के दौरान हुई दोस्ती के बाद घर से लापता हुई 17 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने करीब दो महीने बाद हिमाचल प्रदेश से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के आरोप में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई।

Teen Girl Missing for Two Months Rescued from Himachal

पुलिस के अनुसार, 17 वर्षीय किशोरी 16 जून 2026 को बिना बताए घर से लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने 25 जून को कोतवाली नानकमत्ता में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। विवेचना की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत को सौंपी गई।

ऑनलाइन गेम के जरिए हुई थी युवक से दोस्ती

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग की मदद ली। जांच में सामने आया कि किशोरी की पहचान आरोपी युवक से ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से हुई थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच ऑनलाइन गेम के दौरान संपर्क बढ़ा। आरोप है कि इसके बाद युवक ने किशोरी को अपनी बातों में बहलाया और उसे अपने साथ हिमाचल प्रदेश ले गया।

करीब एक हजार किलोमीटर दूर हिमाचल पहुंची किशोरी

किशोरी के लापता होने के बाद पुलिस टीम लगातार उसकी लोकेशन और संपर्कों का पता लगाने में जुटी रही। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस को हिमाचल प्रदेश में उसके होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने हिमाचल प्रदेश में दबिश देकर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।

19 वर्षीय युवक गिरफ्तार

किशोरी की बरामदगी के साथ पुलिस ने मामले में आरोपी हर्ष ठाकुर उर्फ निखिल (19) को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में उत्तम नगर, दिल्ली में रह रहा था। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

ऑपरेशन प्रहार के तहत हुई कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने सीसीटीवी, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए किशोरी की तलाश की।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत
हेड कांस्टेबल रघुनाथ गोस्वामी
कांस्टेबल गिरीश चंद्र
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद किशोरी को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और न्यायालय की प्रक्रिया के अनुसार होगी।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home